Home Blog

Sidhi News:- बहरी बाजार में महिला से मारपीट का वीडियो वायरल, निष्पक्ष जांच की मांग तेज

सीधी जिले के बहरी क्षेत्र में एक महिला के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वीडियो सामने आते ही न सिर्फ स्थानीय स्तर पर, बल्कि जिलेभर में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पीड़िता ने पूरे मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए प्रशासन से सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता की पहचान हेमा सिंह के रूप में हुई है, जो अपने पति रघुवंश प्रताप सिंह के साथ बहरी थाना क्षेत्र के भनवार गांव की निवासी बताई जा रही हैं। हेमा सिंह बहरी बाजार में गोमती और ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनका कहना है कि यही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और बाजार में मेहनत-मजदूरी कर वह घर चलाती हैं।

पीड़िता के अनुसार, घटना से एक दिन पहले देर रात उनकी गोमती और ठेला जबरन हटवा दिए गए थे। इस संबंध में उन्होंने बहरी थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। शिकायत के बावजूद अब तक ठेला बरामद नहीं हो सका है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले और बढ़ गए।

इसी क्रम में 8 फरवरी 2026 की सुबह करीब 10 बजे बहरी बाजार में हेमा सिंह के साथ कथित तौर पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। यह पूरी घटना बाजार में लोगों की मौजूदगी में हुई, लेकिन कोई भी व्यक्ति खुलकर बीच-बचाव करता नजर नहीं आया। मारपीट के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। लोगों में आक्रोश है कि दिनदहाड़े एक महिला के साथ इस तरह की हिंसा कैसे हो सकती है और बाजार में मौजूद लोग मूकदर्शक कैसे बने रहे। वहीं पीड़िता का कहना है कि यदि समय रहते लोग मदद के लिए आगे आते, तो शायद स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।

मामले में एक और पहलू सामने आया है, जिसने भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग घटना से जुड़े एक व्यक्ति को राजनीतिक रूप से जोड़कर भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं। इस संबंध में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित व्यक्ति न तो सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक का करीबी है और न ही किसी राजनीतिक दल का अधिकृत कार्यकर्ता। बताया जा रहा है कि वह पेशे से पत्रकार है और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई लोगों के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर उपलब्ध हैं, जिनका गलत तरीके से इस्तेमाल कर अफवाहें फैलाई जा रही हैं।

घटना को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विवाद की असल शुरुआत कैसे हुई, गोमती और ठेला हटवाने के पीछे कौन लोग थे, बाजार में मौजूद लोगों ने महिला को बचाने का प्रयास क्यों नहीं किया और वीडियो बनाने वाले व्यक्ति का उद्देश्य क्या था—इन सभी बिंदुओं पर जांच की जरूरत महसूस की जा रही है।

फिलहाल पीड़िता हेमा सिंह न्याय की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और गंभीरता से कदम उठाता है।

ऑल इंडिया लीनेस ऑर्गेनाइजेशन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

ऑल इंडिया लीनेस ऑर्गेनाइजेशन CM-1 संपदा अंतर्गत लीनेस क्लब जबलपुर नर्मदा द्वारा 31 जनवरी को सिंघई पैलेस, जबलपुर में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डिस्ट्रिक्ट प्रेसीडेंट लीनेस मंगला सिंघई जी के नेतृत्व में किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन प्रेसीडेंट लीनेस आशा मोहन जी तथा शपथ ग्रहण अधिकारी के रूप में AILC को-चेयरपर्सन एवं ऑल इंडिया पास्ट प्रेसीडेंट लीनेस निरंजना भंडारी जी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में PMP फाउंडर प्रेसीडेंट एवं एडमिनिस्ट्रेटर लीनेस अंजू कटारे जी, वाइस डिस्ट्रिक्ट प्रेसीडेंट लीनेस ममता जैन जी, PDP लीनेस दीपा घई जी, PDP लीनेस आभा श्रीवास्तव जी, PMP उषा वर्मा जी, संरक्षिका लीनेस रश्मि जैन जी सहित अनेक पदाधिकारी मंचासीन रहीं।


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ, इसके पश्चात ध्वज वंदना एवं स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। स्वागत भाषण लीनेस अंजू कटारे जी ने दिया। शपथ ग्रहण अधिकारी लीनेस निरंजना भंडारी जी द्वारा सभी पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई।


इस अवसर पर Lyness कामाख्या क्लब सीधी से एरिया ऑफिसर लीनेस डॉ. बीना मिश्रा, अध्यक्ष लीनेस डॉ. सुनीता तिवारी, सचिव लीनेस शर्मिला सिंह, कोषाध्यक्ष लीनेस रचना राजे सिंह सहित अन्य सदस्यों ने सहभागिता की।


तिरंगा थीम पर आयोजित इस समारोह में सर्वश्रेष्ठ परिधान एवं आभूषण पुरस्कार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन लीनेस मोनिका कात्याल जी एवं लीनेस मीनाक्षी द्विवेदी जी ने किया। समारोह देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

बारामती में विमान दुर्घटना, उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौजूदगी से मचा हड़कंप

Baramati:- बुधवार को महाराष्ट्र की राजनीति में उस समय हलचल मच गई, जब बारामती में एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब विमान बारामती में उतरने की प्रक्रिया में था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान खेत में गिरा, जिसके बाद घटनास्थल से धुएं के घने बादल उठते देखे गए।प्रशासनिक सूत्रों ने पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार भी सवार थे। समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स मृतकों की संख्या छह बता रही हैं। विमान में कुल छह यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक शव अब तक बरामद किया जा चुका है

Baramati:- अजीत पवार की स्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वह दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें उपचार के लिए स्थानीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, इस संबंध में अब तक सरकार या परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री अजित पवार किसी कार्यक्रम में शामिल होने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक गतिविधियों के सिलसिले में बारामती जा रहे थे।

बारामती को पवार परिवार का पारंपरिक राजनीतिक क्षेत्र माना जाता है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में अजित पवार ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी।घटना की जानकारी मिलते ही बारामती सांसद सुप्रिया सुले सहित पवार परिवार के कई सदस्य घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। फिलहाल विमान हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन द्वारा आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

ओडिशा: बम हमले की धमकी के बाद पुरी जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई

ओडिशा:- सोशल मीडिया पर बम हमले की धमकी मिलने के बाद पुरी स्थित विश्वप्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

बम निरोधक दस्ते द्वारा मंदिर के अंदर और बाहर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।इसी दौरान बीजू जनता दल (बीजद) के राज्यसभा सांसद सुभाषीश खुंटिया को भी सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने उनसे 10 लाख रुपये की मांग की थी और पद से इस्तीफा नहीं देने पर गोली मारने की बात कही गई थी। दोनों ही मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।पुरी सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई है।

जिस सोशल मीडिया अकाउंट से धमकी भरा पोस्ट किया गया है, उसके यूआरएल लिंक और डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुरी के एसपी प्रतीक सिंह ने बताया कि जल्द ही मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।धमकी के बाद मंदिर की स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स और स्पेशल कमांडो तैनात कर दिए गए हैं। इसके साथ ही पुरी शहर के प्रमुख बाजारों और पर्यटन स्थलों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

सांसद सुभाषीश खुंटिया ने बताया कि दो दिन पहले उन्हें मोबाइल पर धमकी भरा संदेश मिला था, जिसे उन्होंने फर्जी समझकर नजरअंदाज कर दिया। बाद में सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और अपने परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।फिलहाल पुलिस ‘जूली रानी पांडा’ नामक फेसबुक अकाउंट की जांच कर रही है।

यह अकाउंट असली है या फर्जी, इसका पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

NCL की CSR स्पॉन्सरशिप पर उठे सवाल, स्थानीय मुद्दों की अनदेखी का आरोप

इंदौर में खेले गए भारत–न्यूजीलैंड वनडे मुकाबले में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा की गई स्पॉन्सरशिप को लेकर अब स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं।

हालांकि इस मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इससे बड़ा मुद्दा यह बन गया है कि एनसीएल की CSR (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) राशि का उपयोग आखिर किन उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है।स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि सिंगरौली जिला आज भी विस्थापन, प्रदूषण, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, शिक्षा, पेयजल और रोजगार जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है।

बावजूद इसके, इन जमीनी समस्याओं के समाधान के बजाय एनसीएल द्वारा बड़े शहरों में आयोजित क्रिकेट मैचों की स्पॉन्सरशिप पर CSR राशि खर्च की जा रही है।

लोगों का कहना है कि CSR फंड का मुख्य उद्देश्य प्रभावित क्षेत्रों के विकास, पुनर्वास और सामाजिक कल्याण के लिए होता है, न कि प्रचारात्मक गतिविधियों के लिए।

यदि यही राशि सिंगरौली के अस्पतालों, स्कूलों, पर्यावरण संरक्षण और विस्थापित परिवारों के पुनर्वास पर खर्च की जाती, तो इसका सीधा लाभ स्थानीय जनता को मिल सकता था।

इस पूरे मामले को लेकर अब एनसीएल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं और पारदर्शिता की मांग की जा रही है।

सीधी चैलेंज कप सीजन-9, भूमि एसोसियेट्स दिल्ली ने जीती ट्रॉफी

0

सीधी। अखिल भारतीय आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट कुंवर एण्ड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9 का भव्य समापन छत्रसाल स्टेडियम में हुआ। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला के मुख्य आतिथ्य एवं सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के विशिष्ट आतिथ्य में खेले गए फाइनल मुकाबले में भूमि एसोसियेट्स दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।

फाइनल मैच में टॉस जीतकर दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 5 विकेट पर 331 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। दिल्ली के बल्लेबाज बग्गा ने मात्र 83 गेंदों में 127 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 14 चौके शामिल रहे। लक्ष्य का पीछा करते हुए समय प्रेस भदोही (उत्तर प्रदेश) की पूरी टीम 192 रन पर सिमट गई और उपविजेता रही।

बग्गा को मैन ऑफ द मैच तथा दिल्ली के कौशल सुमान को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया। समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता-उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान किए।

मुख्य अतिथि राजेन्द्र शुक्ला ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि विदेशी टीम की भागीदारी से यह टूर्नामेंट अंतरराष्ट्रीय स्तर का बन गया है। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सीधी को बेहतर स्टेडियम दिलाने का आश्वासन दिया।

सिंगरौली पहुंचीं कांग्रेस महासचिव कविता पांडेय, विभिन्न मुद्दों पर कलेक्ट्रेट के सामने एक दिवसीय उपवास

कांग्रेस पार्टी की महामंत्री एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी कविता पांडेय दो दिवसीय दौरे पर सिंगरौली पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर के सामने एक दिवसीय उपवास पर बैठकर प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया।

कविता पांडेय ने महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदले जाने को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह योजना गरीबों और मजदूरों की जीवनरेखा है और इसके नाम में बदलाव जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।

इसके साथ ही उन्होंने इंदौर में गंदा पानी पीने से 24 निर्दोष लोगों की मौत के मामले को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया और मांग की कि सरकार सभी मृतकों के परिजनों को तत्काल एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दे।

उन्होंने यह भी कहा कि इस हादसे में बीमार हुए लोगों का बड़े और बेहतर अस्पतालों में समुचित इलाज कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और न्याय की मांग की गई।

सीधी चैलेंज कप सीजन-9: एमपीएसपी क्लब हैदराबाद ने रोमांचक मुकाबले में जम्मू-कश्मीर को 1 रन से हराया

0

अखिल भारतीय आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट कुंवर एंड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9 के ग्यारहवें दिन खेले गए मुकाबले में एमपीएसपी क्लब राजू क्रिकेट अकादमी हैदराबाद ने चौहान स्टोन क्रेशर जम्मू-कश्मीर को एक रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

स्थानीय छत्रसाल स्टेडियम में खेले गए इस मैच ने दर्शकों को अंत तक रोमांच से भरपूर रखा।टॉस जीतकर हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 265 रन बनाए। टीम की ओर से दीपांशु चौहान ने 74 गेंदों में 3 छक्के और 15 चौकों की मदद से शानदार 110 रन की पारी खेली।

जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम ने अंतिम गेंद तक संघर्ष किया, लेकिन 1 रन से लक्ष्य से चूक गई। कार्तिक ने 99 गेंदों में 6 छक्के और 11 चौकों की मदद से 125 रन की जबरदस्त पारी खेली।

दीपांशु चौहान को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्रताप मार्बल मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार इंजीनियर आर.बी. सिंह, राजेश सिंह, राकेश सिंह और मोहित सिंह ने प्रदान किया।मैच में अंपायर राकेश सिंह चंदेल और जितेंद्र गुप्ता रहे। स्कोरर बी. कृष्ण कुमार व हर्ष गुप्ता रहे, जबकि कमेंट्री प्रेम कुमार, बालेंद्र कुशवाहा और सौरभ सिंह ने की।

लाडली बहनों के खातों में 1836 करोड़ से अधिक की राशि होगी अंतरित, 29 लाख महिलाओं को गैस रिफिलिंग सहायता

मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख 31 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी।

इसके साथ ही 29 लाख महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 90 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की जाएगी।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर माखन नगर बाबाई में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां वे विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी करेंगे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। नवंबर 2025 से इस योजना के अंतर्गत मिलने वाली राशि में 250 रुपये की वृद्धि की गई, जिसके बाद अब पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

योजना के अंतर्गत जून 2023 से दिसंबर 2025 तक कुल 48 हजार 632 करोड़ 70 लाख रुपये महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं। वहीं जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के बीच 38 हजार 635 करोड़ 89 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

इस योजना से महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सम्मान मिला है। सरकार भविष्य में हितग्राही महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने की दिशा में भी ठोस कदम उठाएगी।

सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने रेलवे परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

सीधी–सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय डॉ. राजेश मिश्रा ने आज सीधी जिले में संचालित महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं का अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीधी के नौढिया क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन का गहन अवलोकन करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण की गुणवत्ता व समय-सीमा को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप हों और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द रेलवे सुविधा का लाभ मिल सके।इसके पश्चात सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने चुरहट विधानसभा अंतर्गत ग्राम चिलरी में चल रहे रेलवे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।

मौके पर मौजूद रेलवे एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उन्होंने प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि रेलवे परियोजनाएं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की रीढ़ हैं।

इससे न केवल आवागमन सुलभ होगा, बल्कि व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और वे स्वयं इन योजनाओं की नियमित निगरानी कर रहे हैं, ताकि आमजन को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।