भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है। इस बार सबसे बड़ा बदलाव टीम की कप्तानी को लेकर हुआ है, जहां युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को भारत का नया टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं, लंबे समय बाद टेस्ट टीम में वापसी कर रहे ऋषभ पंत को उप-कप्तान और मुख्य विकेटकीपर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह फैसला मुंबई में बीसीसीआई मुख्यालय में हुई चयन समिति की बैठक में लिया गया। चयन समिति की अध्यक्षता अजीत अगरकर ने की, और इस मौके पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया भी मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अगरकर ने 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की और कप्तानी में किए गए इस बदलाव को “नए युग की शुरुआत” बताया।
भारत की 18 सदस्यीय टेस्ट टीम (इंग्लैंड दौरा 2025):
- कप्तान: शुभमन गिल
- उप-कप्तान: ऋषभ पंत
- यशस्वी जायसवाल
- केएल राहुल
- साई सुदर्शन
- नीतीश कुमार रेड्डी
- रवींद्र जडेजा
- ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)
- अभिमन्यु ईश्वरन
- शार्दुल ठाकुर
- जसप्रीत बुमराह
- मोहम्मद सिराज
- प्रसिद्ध कृष्णा
- करुण नायर
- वॉशिंगटन सुंदर
- आकाश दीप
- अर्शदीप सिंह
- कुलदीप यादव

टीम में कुछ नई और युवा चेहरों को भी शामिल किया गया है, जैसे साई सुदर्शन, नीतीश रेड्डी और आकाश दीप। वहीं, अनुभवी खिलाड़ियों में जडेजा, बुमराह और केएल राहुल जैसे नामों को बरकरार रखा गया है।
इंग्लैंड में भारत का टेस्ट रिकॉर्ड
इतिहास के पन्नों में झांकें तो इंग्लैंड की धरती पर भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी संघर्षपूर्ण रहा है। भारत ने अब तक (1932 से 2022 तक) इंग्लैंड में कुल 67 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से उसे सिर्फ 9 में जीत मिली है। वहीं 36 टेस्ट हारे हैं और 22 ड्रॉ रहे हैं।
खासतौर पर एमएस धोनी की कप्तानी में भारत को इंग्लैंड में निराशाजनक प्रदर्शन करना पड़ा था। 2011 से 2014 के बीच भारत ने धोनी की कप्तानी में 9 टेस्ट खेले, जिनमें से सिर्फ 1 जीता, 7 हारे और 1 ड्रॉ रहा।
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि युवा कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया इंग्लैंड की चुनौतियों से कैसे निपटती है।

भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज 2025 का पूरा शेड्यूल:
टेस्ट नंबर | तारीखें | वेन्यू |
---|---|---|
पहला टेस्ट | 20-24 जून 2025 | हेडिंग्ले, लीड्स |
दूसरा टेस्ट | 2-6 जुलाई 2025 | एजबेस्टन, बर्मिंघम |
तीसरा टेस्ट | 10-14 जुलाई 2025 | लॉर्ड्स, लंदन |
चौथा टेस्ट | 23-27 जुलाई 2025 | ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर |
पांचवां टेस्ट | 31 जुलाई – 4 अगस्त | द ओवल, लंदन |
नई कप्तानी पर क्या बोले चयनकर्ता?
अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “शुभमन गिल एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उन्होंने हाल ही में सभी फॉर्मेट्स में परिपक्वता दिखाई है। हमें विश्वास है कि उनकी कप्तानी में भारत का टेस्ट भविष्य मजबूत होगा।”
वहीं, ऋषभ पंत की वापसी पर उन्होंने कहा, “पंत के अनुभव और आक्रामक सोच का टीम को लाभ मिलेगा। वह उप-कप्तान के तौर पर गिल को शानदार सपोर्ट देंगे।”
यह भी पढ़ें:- सीधी में निकली ऐतिहासिक ‘शौर्य सम्मान यात्रा’ – ABVP व RSS के नेतृत्व में हुआ राष्ट्रभक्ति का भव्य प्रदर्शन
भारत का इंग्लैंड दौरा हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है। लेकिन इस बार टीम एक नई सोच और युवा नेतृत्व के साथ मैदान में उतरने वाली है। शुभमन गिल की कप्तानी और ऋषभ पंत की वापसी से फैंस को नई उम्मीदें हैं। क्या यह युवा टीम इंग्लैंड में इतिहास रच पाएगी या फिर वही पुरानी कहानी दोहराई जाएगी, यह तो आने वाला समय बताएगा।