Homeप्रदेशकोर्ट से बरी होने के बाद साध्वी प्रज्ञा का कांग्रेस पर तीखा...

कोर्ट से बरी होने के बाद साध्वी प्रज्ञा का कांग्रेस पर तीखा हमला, सोशल मीडिया पर दिया बयान

भोपाल
मालेगांव बम विस्फोट मामले में विशेष एनआईए कोर्ट से बरी होने के दो दिन बाद भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपनी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया सोशल मीडिया के माध्यम से दी है। साध्वी ने इस पोस्ट में कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए “भगवा आतंकवाद” और “हिंदू आतंकवाद” जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर उसे आड़े हाथों लिया है।

क्या कहा साध्वी प्रज्ञा ने?

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा:

“भगवा आतंकवाद और हिन्दू आतंकवाद के जन्मदाता कांग्रेस समेत सभी विधर्मियों का मुंह हुआ काला… भगवा, हिंदुत्व और सनातन की विजय पर समस्त सनातनियों और देशभक्तों का हुआ बोलबाला। बहुत-बहुत बधाई। जय हिंदू राष्ट्र, जय श्रीराम।”

इस पोस्ट के जरिए उन्होंने स्पष्ट किया कि कोर्ट के फैसले को सिर्फ अपनी व्यक्तिगत विजय नहीं, बल्कि हिंदुत्व और भगवा के सम्मान की जीत मानती हैं।

कोर्ट में कही थी ये बात

आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही मुंबई स्थित एनआईए की विशेष अदालत ने मालेगांव बम धमाके के मामले में साध्वी प्रज्ञा समेत 7 आरोपियों को सभी आरोपों से बरी कर दिया था। फैसले के समय सभी आरोपी कोर्ट में मौजूद थे।

कोर्ट रूम में साध्वी ने भावुक होकर कहा था –

“मुझे 13 दिनों तक टॉर्चर किया गया। 17 साल तक संघर्ष किया। एक साध्वी को आतंकवादी बना दिया गया। भगवा को कलंकित किया गया। लेकिन आज का फैसला मेरे जीवन को सार्थक बना गया। ये सिर्फ मेरी जीत नहीं है, यह भगवा की जीत है, हिंदुत्व की विजय है।”

उन्होंने यह भी कहा कि,

“जिन लोगों ने हिन्दू आतंकवाद और भगवा आतंकवाद कहा, उन्हें इसका दंड मिलेगा।”

क्या है मालेगांव ब्लास्ट केस?

29 सितंबर 2008 को महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव शहर में हुए बम विस्फोट में 6 लोगों की मौत और 100 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस विस्फोट के बाद कई हिन्दू संगठनों से जुड़े लोगों को आरोपी बनाया गया, जिसमें साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का नाम प्रमुखता से सामने आया था।

एनआईए द्वारा केस की जांच किए जाने के बाद कई साक्ष्य कमजोर साबित हुए, और लंबे ट्रायल के बाद विशेष अदालत ने सभी आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।

राजनीतिक हमले और प्रतिक्रिया

इस फैसले के बाद साध्वी प्रज्ञा ने कांग्रेस पर ‘हिंदू विरोधी राजनीति’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “भगवा को कलंकित करने की साजिश रची गई थी”, और यह केस उनके नहीं, बल्कि हिंदू धर्म और सनातन पर हमला था।

कांग्रेस की तरफ से हालांकि इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर साध्वी के पोस्ट को लेकर विवाद की स्थिति जरूर बनी हुई है।

यह भी पढ़िए –  सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने पेश की इंसानियत की मिसाल, दुखी परिवार को दिलाया न्याय और सम्मान

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की सोशल मीडिया पोस्ट ने एक बार फिर “हिंदू आतंकवाद” शब्दावली की राजनीतिक बहस को हवा दे दी है। कोर्ट के फैसले के बाद उनकी प्रतिक्रिया ना सिर्फ व्यक्तिगत राहत का इज़हार है, बल्कि वह इसे वैचारिक और धार्मिक जीत के रूप में भी पेश कर रही हैं। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस फैसले और बयानबाजी का मध्यप्रदेश और देश की राजनीति पर क्या प्रभाव पड़ता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular