सीधी पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा के निर्देशानुसार जिले भर में सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने हेतु स्कूल-कॉलेज के छात्रों को थाना भ्रमण कराकर पुलिस कार्यप्रणाली से अवगत कराया जा रहा है। इसी कड़ी में चुरहट थाने में उप निरीक्षक आशा सिलावट के नेतृत्व में रॉयल पब्लिक स्कूल, चुरहट के छात्रों का थाना भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
थाना भ्रमण का उद्देश्य
छात्रों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था की मूल बातें और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था। थाना परिसर पहुंचते ही छात्रों का स्वागत थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम द्वारा किया गया।
एफआईआर, साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा की जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, अपराधों की जांच, साइबर अपराध से सावधानी, पुलिस पेट्रोलिंग, थानों के प्रकार और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी भ्रांतियों पर जानकारी दी। इसके साथ ही महिला संबंधित अपराधों पर विशेष जानकारी दी गई और छात्रों से अपील की गई कि किसी भी अपराध की सूचना पुलिस को दें।
ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क और पाक्सो एक्ट की जानकारी
बाद में छात्रों को ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क ले जाकर उसकी कार्यप्रणाली और महत्व बताया गया। उप निरीक्षक आशा सिलावट ने बच्चों को पाक्सो एक्ट की सामान्य जानकारी दी और बताया कि महिला डेस्क विशेष रूप से महिलाओं और बच्चियों के लिए गठित की गई है। इसके पश्चात पुलिस अनुविभागीय अधिकारी चुरहट कार्यालय का भ्रमण भी छात्रों को कराया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा उप निरीक्षक आशा सिलावट को पौधे भेंट किए गए। इस मौके पर पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई और थाना परिसर में पौधारोपण का संकल्प लिया गया। थाना प्रभारी ने छात्रों को प्रकृति और समाज के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
विद्यालय की सराहना
विद्यालय संचालक राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रम छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण में सहायक होते हैं। उन्होंने थाना चुरहट की टीम को उनके सहयोग और सकारात्मक व्यवहार के लिए धन्यवाद दिया।
यह भी पढ़ें:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले महागठबंधन में दरार? तेजस्वी यादव की लीडरशिप पर कांग्रेस की चुप्पी ने खड़े किए सवाल
कार्यक्रम में उप निरीक्षक आशा सिलावट, प्रधान आरक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा, रामखेलावन बंजारा, अनिल सोनी, बृजकिशोर शुक्ला, महिला आरक्षक राजकुमारी, अंजू वर्मा, आकांक्षा सिंह एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहा। स्कूल की ओर से संचालक राजेश कुमार गुप्ता, उप प्राचार्य राजेंद्र पटेल, एक्टिविटी इंचार्ज दीपक सिंह, नीलम तिवारी, विनय कुमार नामदेव, अजीत कुमार नामदेव, राहुल मिश्रा, प्रवीण विश्वकर्मा, स्वाति सिंह, रोली सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन पुलिस और छात्रों के सामूहिक फोटो सेशन और स्वल्पाहार के साथ हुआ।