Homeप्रदेशछत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया पर छिड़ी सियासी जंग, कांग्रेस-बिजेपी आमने-सामने

छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया पर छिड़ी सियासी जंग, कांग्रेस-बिजेपी आमने-सामने

रायपुर
छत्तीसगढ़ की सियासत में इन दिनों सोशल मीडिया ही बड़ा अखाड़ा बन गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाज़ी और वीडियो शेयरिंग को लेकर तीखी जंग छिड़ गई है। कांग्रेस ने भाजपा विधायक विनायक गोयल का एक वीडियो शेयर कर सरकार पर सीधा हमला बोला, तो वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार करते हुए कांग्रेस को ही घेर लिया।

कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर साधा निशाना

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर चित्रकोट विधायक विनायक गोयल का एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो के साथ कांग्रेस ने लिखा – “चित्रकोट विधायक विनायक गोयल को जनता ने दौड़ाया। डबल इंजन बेपटरी हो चुकी है। अब भाजपा विधायक नेता को जनता सड़कों पर घेर रही है। यह ठगों की बारात अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली। प्रदेश के चारों दिशाओं से रुझान आने लगे हैं।”

कांग्रेस ने इस वीडियो को आधार बनाकर भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए और जनता के गुस्से को सरकार की असफलता का प्रमाण बताया।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का पलटवार

कांग्रेस के इस हमले का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा – “विधायक भी आम व्यक्ति हैं, कई परिस्थितियां होती हैं। कांग्रेस इस तरह की राजनीति कर रही है, लेकिन भाजपा एक बड़ा परिवार है। कांग्रेस की हालत वैसी नहीं है।”

उन्होंने यह भी जोड़ा कि कांग्रेस केवल वीडियो और आरोपों के सहारे राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा जनता के बीच मजबूत संगठन खड़ा कर चुकी है।

संगठन सृजन को लेकर तंज

जायसवाल यहीं नहीं रुके, उन्होंने कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा – “इंतहा हो गई इंतजार की। कांग्रेस दो साल से संगठन गढ़ रही है। इतने समय में तो विश्वकर्मा जी भी नया सृष्टि रच देते। लेकिन कांग्रेस का संगठन अब तक तैयार नहीं हो पाया है। गुटबाजी और आंतरिक कलह के कारण संगठन सृजन लटका हुआ है। इस बीच भाजपा ने अपने संगठन का लगातार विस्तार कर लिया है।”

बढ़ती सियासी गर्मी

स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ की राजनीति अब सोशल मीडिया पर ज्यादा गरमाती दिख रही है। कांग्रेस लगातार भाजपा विधायकों और मंत्रियों को घेरने के लिए वीडियो और पोस्ट का सहारा ले रही है, तो भाजपा जवाबी हमला करने में पीछे नहीं है। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे चुनावी माहौल और तेज होगा, वैसे-वैसे इस तरह की सोशल मीडिया वार और भी तीखी होती जाएगी।

यह भी पढ़िए – सीधी जिला अस्पताल में लापरवाही का बड़ा खुलासा – 21 वर्षीय युवती को लगाई गई एक्सपायरी दवाई, प्रशासन पर उठे सवाल

छत्तीसगढ़ की जनता इन पोस्ट और बयानों को किस नजर से देखती है, यह तो आने वाला समय बताएगा, लेकिन इतना तय है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म अब चुनावी राजनीति का सबसे बड़ा हथियार बन चुका है।

RELATED ARTICLES

Most Popular