नागपुर/जबलपुर, 13 अप्रैल 2025 — रविवार की सुबह जबलपुर से हैदराबाद के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-7308 में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के वॉशरूम में एक संदिग्ध संदेश मिला। इस संदेश में लिखा था, “विस्फोट @ 9:00 पूर्वाह्न”, जो बम होने की धमकी जैसा प्रतीत हुआ। इसकी सूचना मिलते ही पायलट और क्रू मेंबर ने सतर्कता बरतते हुए तत्काल विमान को नागपुर डायवर्ट कर दिया, जहां इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
6 घंटे तक रोकी गई फ्लाइट, सुरक्षा एजेंसियों का अभियान
यह फ्लाइट सुबह 8 बजे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से रवाना हुई थी और उसे हैदराबाद में 9:40 बजे लैंड करना था। लेकिन बम की धमकी के मद्देनजर इसे 9:10 बजे नागपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करा दिया गया। फ्लाइट में कुल 69 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स सवार थे।
लैंडिंग के तुरंत बाद, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनकी विस्तृत सुरक्षा जांच की गई। फ्लाइट के अंदर रखे हर सामान को बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और CISF की संयुक्त टीम ने बारीकी से जांचा। इसके साथ ही महाराष्ट्र पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने यात्रियों से भी पूछताछ की।
कोई विस्फोटक नहीं मिला, फ्लाइट ने दोबारा उड़ान भरी
करीब सवा छह घंटे तक चली गहन जांच के बाद किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को क्लीयरेंस दे दी और फ्लाइट को हैदराबाद के लिए रवाना कर दिया गया।

इस घटना के चलते यात्रियों में भारी दहशत का माहौल रहा। नागपुर एयरपोर्ट पर घंटों रुके रहने के दौरान कई यात्रियों के परिजनों ने बार-बार संपर्क कर हालचाल जाना। हालांकि विमानन कंपनी और एयरपोर्ट प्रशासन की तत्परता और संयम के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
जांच जारी, जिम्मेदार का पता लगाने की कोशिश
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि वॉशरूम में धमकी भरा संदेश किसने और कब लिखा। यह जानना बेहद जरूरी है कि यह महज शरारत थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छुपी हुई है। फ्लाइट के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी यात्रियों से लिखित बयान भी लिए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- अभिषेक शर्मा की तूफानी सेंचुरी से SRH की वापसी, मेंटोर युवराज सिंह बोले – “इतनी मैच्योरिटी हजम नहीं हो रही”
इंडिगो एयरलाइंस ने इस पूरे मामले में यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और यह भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी ने यह भी कहा कि संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर वे जांच में पूरा सहयोग कर रही है।