भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार को 2025 की दूसरी कैबिनेट बैठक मंत्रालय में आयोजित हुई। इस बैठक में शहडोल में प्रस्तावित रीजनल कॉन्क्लेव, गरीबी उन्मूलन, जन कल्याण मिशन, और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही, कई नई योजनाओं को मंजूरी दी गई। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक के मुख्य निर्णयों की जानकारी दी।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारी
मंत्री विजयवर्गीय ने घोषणा की कि फरवरी 2025 में भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) का आयोजन किया जाएगा। समिट में जापान, इंग्लैंड, और जर्मनी पार्टनर देश होंगे। निवेश को आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री 27 जनवरी से 1 फरवरी तक जापान का दौरा करेंगे। समिट में राज्य की निवेश नीतियों को सुधारने और नई योजनाओं को प्रस्तुत करने पर जोर दिया जाएगा।

भोपाल:- महेश्वर में होगी अगली कैबिनेट बैठक
अगली कैबिनेट बैठक 24 जनवरी को महेश्वर में आयोजित होगी। यह बैठक लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में की जाएगी। बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री नर्मदा पूजन-अभिषेक करेंगे।

गरीबी उन्मूलन और जन कल्याण योजनाओं पर चर्चा
बैठक में गरीबी उन्मूलन को लेकर राज्य सरकार ने 2028 तक गरीबी खत्म करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करने पर जोर दिया गया।
- पीएम आवास योजना: इस योजना के तहत अधिक लाभार्थियों को जोड़ने पर चर्चा हुई।
- महिलाओं और बच्चों का पोषण: गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को प्राथमिकता दी गई।
- डायल 100 सिस्टम: नए चरण के तहत इसे और प्रभावी बनाने के लिए 1565 करोड़ रुपए की लागत तय की गई।
- सोलर ऊर्जा: प्रधानमंत्री सूर्य योजना के तहत सभी सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा उत्पादन की योजना बनाई गई।
मछुआरों और किसानों के लिए नई पहल
राज्य में मछुआरों के लिए 100 करोड़ रुपए की योजना मंजूर की गई। झींगा मछली उत्पादन को बढ़ावा देने और मछुआरों की आय दोगुनी करने के लिए तालाबों के संरक्षण और छोटी मछलियों के उत्पादन पर जोर दिया गया। किसानों को प्रशिक्षण देने और उनकी आय में सुधार लाने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
व्यवसायिक मेले और वाहन रजिस्ट्रेशन में छूट
ग्वालियर और उज्जैन में व्यवसायिक मेलों के आयोजन के साथ ही वाहनों के रजिस्ट्रेशन में 50% की छूट देने की घोषणा की गई।
यह भी पढ़ें :- सीधी ब्रेकिंग न्यूज: सहायक आयुक्त रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
इस बैठक में लिए गए फैसले न केवल राज्य के विकास को नई दिशा देंगे, बल्कि गरीबी उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।