छतरपुर, मध्य प्रदेश: राज्य के छतरपुर जिले के सिविल थाना इलाके के ग्राम बूढ़ा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी, सास और ससुर को बेरहमी से डंडों से पीटा। यह घटना तब उजागर हुई जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें आरोपी पति को निर्दयता से हमला करते हुए देखा जा सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की मां को गंभीर चोटें आई हैं और वह अस्पताल में भर्ती हैं।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता की मां ने मीडिया को बताया कि चार साल पहले उसने अपनी बेटी की शादी महेश रजक नामक युवक से हिंदू रीति-रिवाजों से करवाई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा महिला के साथ मारपीट और प्रताड़ना शुरू हो गई।
परिजनों के मुताबिक, तीन दिन पहले ससुराल वालों ने महिला को घर से निकाल दिया, लेकिन उसके दो छोटे बच्चों को अपने पास रख लिया। बच्चों से मिलने के लिए महिला अपने माता-पिता के साथ ससुराल गई, जहां उसने अपने बच्चों को अपने साथ ले जाने की बात कही। इसी बात पर पति महेश रजक, देवर अमर रजक, सास कली रजक और ससुर रामबग्स रजक ने गुस्से में आकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से तीनों पर हमला कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई में जुटी पुलिस
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी परिवार फरार है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
महिला सुरक्षा पर उठे सवाल
इस मामले ने महिला सुरक्षा और घरेलू हिंसा के खिलाफ प्रशासन की तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें महिलाओं को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है।
यह भी पढ़िए:- PM किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जल्द होगी जारी, ऐसे चेक करें स्टेटस
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा।