सिंगरौली | मध्यप्रदेश संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 25 जून 2025 को सिंगरौली जिले के देवसर अनुभाग अंतर्गत तहसील सरई में प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ तेज़ कर दी गई हैं। कलेक्टर चंद्र शेखर शुक्ला ने कार्यक्रम की सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित सम्पन्नता सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागीय अधिकारियों को विशिष्ट दायित्व सौंपे हैं।
कार्यक्रम की समन्वय व्यवस्था
मुख्यमंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे के मुख्य प्रभारी अधिकारी के रूप में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह नागेश को नियुक्त किया गया है। वहीं, कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर पी.के. सेन गुप्ता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन को सौंपी गई है।
तकनीकी और मंच व्यवस्था
कार्यक्रम स्थल की तकनीकी व्यवस्थाएं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, लोक सेवा प्रबंधक और ई-गवर्नेंस प्रभारी देखेंगे। मंच व्यवस्था की ज़िम्मेदारी वन मंडल अधिकारी अखिल बंसल, उपखंड अधिकारी देवसर अखिलेश सिंह और अधीक्षण यंत्री विद्युत को सौंपी गई है।
हेलीपैड और अग्निशमन की तैयारी
हेलीपैड की व्यवस्था के लिए डिप्टी कलेक्टर माइकेल तिर्की, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, और जनपद पंचायत देवसर के सीईओ को निर्देशित किया गया है।
अग्निशमन, बैठक और आवेदन काउंटर की व्यवस्था नगर निगम आयुक्त डी. के. शर्मा, एसडीएम माड़ा राजेश शुक्ला, और संबंधित अभियंताओं की देखरेख में होगी।
मुख्य कार्यक्रम स्थल पर वाहनों की पार्किंग और सफाई व्यवस्था हेतु लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जनपद पंचायत देवसर, और नगर परिषद सरई के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
वाहनों का अधिग्रहण और आवागमन नियंत्रण की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर पी.के. सेन गुप्ता, जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर, खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल, और आपूर्ति अधिकारी पी.सी. चंद्रवंशी को सौंपी गई है।

शिलान्यास और लोकार्पण की तैयारी
मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम हेतु शिलालेख, प्रारूप और कार्यों के चयन की जिम्मेदारी संयुक्त कलेक्टर संजीव पांडेय, लोक निर्माण विभाग PIU, और ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर लगातार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की व्यवस्था विद्युत विभाग के वरिष्ठ अभियंताओं द्वारा की जाएगी।
कलेक्टर के निर्देश
कलेक्टर श्री शुक्ला ने समस्त नोडल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपनी टीमों के साथ समयबद्ध समन्वय में कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें।
इसके साथ ही उन्होंने अपर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यकतानुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती करें।
यह भी पढ़ें:- सिंगरौली में ट्रामा सेंटर के नाम पर करोड़ों की साजिश…?
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला चुस्त-दुरुस्त दिखाई दे रहा है। हर स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं और सभी विभागों को समय से पूर्व तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। अब देखना यह होगा कि 25 जून को मुख्यमंत्री का दौरा कितनी सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होता है।