नई दिल्ली।
संसद का मानसून सत्र पांच दिनों के स्थगन के बाद 18 अगस्त से दोबारा शुरू हो चुका है। इस दौरान संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने ‘SIR’ और ‘वोट चोरी’ को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं। यह वीडियो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का है।
अखिलेश की पुकार पर रुके CM मोहन यादव
दरअसल, संसद भवन परिसर में जब विपक्षी दलों के सांसद नारेबाजी और प्रदर्शन कर रहे थे, उसी समय मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वहां पहुंचे। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए संसद के अंदर जा रहे थे। इस दौरान अखिलेश यादव ने उन्हें जाते हुए देखा और पीछे से पुकार लगाई।
अखिलेश यादव की आवाज सुनकर मोहन यादव तुरंत रुके, पीछे मुड़े और सपा प्रमुख को नमस्कार किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और कुछ पल बातचीत की। थोड़ी देर की इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव संसद भवन के अंदर चले गए, जबकि अखिलेश यादव फिर से विपक्ष के प्रदर्शन में शामिल हो गए।
PM मोदी से मुलाकात कर रहे थे CM मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। संसद पहुंचकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच प्रदेश के विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं को लेकर चर्चा हुई।

CM मोहन यादव ने प्रधानमंत्री को जानकारी दी कि भोपाल में पहली मेट्रो ट्रेन शुरू होने वाली है और वंदे मेट्रो कोच बनाने का कारखाना भी स्थापित हो चुका है। उन्होंने पीएम मोदी को आगामी किसान सम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
सोशल मीडिया पर चर्चा
अखिलेश यादव और मोहन यादव की इस मुलाकात का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। राजनीतिक हलकों में भी इस पर चर्चाएं तेज हैं। लोग इसे भारतीय राजनीति की एक अलग तस्वीर बताते हुए कह रहे हैं कि भले ही विचारधाराएं अलग हों, लेकिन नेताओं के बीच आपसी सम्मान और संवाद की झलक ऐसे ही पलों में दिखती है।
विपक्ष का प्रदर्शन
वहीं दूसरी ओर, संसद के बाहर विपक्षी सांसदों ने ‘SIR’ और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर जोरदार नारेबाजी की। विपक्ष का आरोप है कि सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है और लोकतंत्र को कमजोर कर रही है।
यह भी पढ़िए – सीधी जिला अस्पताल में लापरवाही का बड़ा खुलासा – 21 वर्षीय युवती को लगाई गई एक्सपायरी दवाई, प्रशासन पर उठे सवाल
संसद परिसर में हुआ यह संयोग विपक्षी प्रदर्शन और सरकार से जुड़े बड़े मुद्दों के बीच राजनीति में एक मानवीय और सकारात्मक तस्वीर पेश करता है। अखिलेश यादव और CM मोहन यादव की यह मुलाकात भले ही औपचारिक रही हो, लेकिन इसकी गूंज अब सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक सुनाई दे रही है।