रीवा (मध्यप्रदेश)
रीवा जिले की वरिष्ठ बीजेपी नेत्री और सेमरिया नगर परिषद की अध्यक्ष रानी विश्वकर्मा का सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रही थीं और दिल्ली के एक अस्पताल में इलाजरत थीं। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर से न केवल सेमरिया, बल्कि पूरे रीवा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
रानी विश्वकर्मा भाजपा की समर्पित कार्यकर्ता और जनसेवा के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रहीं। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार, समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता उनके निवास पर एकत्र हो गए। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार आज ही उनके पैतृक निवास स्थान पर किया जा रहा है।
जनसेवा में समर्पित रही रहीं रानी विश्वकर्मा
रानी विश्वकर्मा सेमरिया नगर परिषद की अध्यक्ष के रूप में एक सक्रिय और कुशल नेतृत्वकर्ता थीं। उन्होंने नगर के विकास, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण, और महिलाओं व कमजोर वर्गों के लिए कई जनहित योजनाओं में अग्रणी भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में नगर परिषद ने कई उल्लेखनीय कार्य किए, जिससे सेमरिया की छवि बेहतर हुई।
वो न सिर्फ एक प्रशासनिक चेहरा थीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी गहराई से जुड़ी रहीं। जरूरतमंदों की मदद हो या स्थानीय समस्याओं की आवाज उठाना—रानी विश्वकर्मा हमेशा आगे रहीं। जनता में उनकी छवि एक सरल, सुलभ और कर्मठ जनप्रतिनिधि के रूप में थी।

बीजेपी नेताओं ने जताया शोक
रानी विश्वकर्मा के निधन पर बीजेपी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख प्रकट किया है।
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा सहित कई नेताओं ने सोशल मीडिया (एक्स) पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने लिखा,
“रानी विश्वकर्मा जी का जाना संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति।”
समाज और संगठन दोनों में रही मजबूत पकड़
रानी विश्वकर्मा पार्टी में लंबे समय से सक्रिय थीं। वे सिर्फ पदाधिकारी नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच एक मार्गदर्शक और प्रेरणा थीं। हर चुनाव में उन्होंने पार्टी के लिए मजबूती से काम किया और संगठन को स्थानीय स्तर पर मजबूत किया। उनकी कार्यशैली, ईमानदारी और मेहनत को लेकर सभी दलों में सम्मान का भाव था।
निवास पर उमड़ी भीड़
उनके निधन की खबर मिलते ही सेमरिया में उनके निवास पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, प्रशासनिक अधिकारी, नगर परिषद के कर्मचारी और भाजपा कार्यकर्ता वहां पहुंचे। लोग आंखों में आंसू और दिल में श्रद्धा लिए रानी जी को अंतिम विदाई देने पहुंचे।
अंतिम संस्कार आज
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, रानी विश्वकर्मा का अंतिम संस्कार आज शाम सेमरिया में किया जा रहा है। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए आम जनता के दर्शनार्थ रखा गया है। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में आमजन, राजनेता और प्रशासकीय अधिकारी शामिल होंगे।
यह भी पढ़िए – सीधी को मिले दो शव वाहन, सांसद राजेश मिश्रा ने दिखाई हरी झंडी – बोले, गरीबों को राहत देने वाली है ये पहल
रानी विश्वकर्मा का निधन केवल भाजपा संगठन के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सेमरिया क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है। एक सशक्त महिला नेतृत्वकर्ता के रूप में उन्होंने जो छवि और भरोसा जनता के बीच बनाया था, वह आने वाले समय में प्रेरणा बना रहेगा। उनके समर्पण, सेवा और संघर्ष को हमेशा याद किया जाएगा।