दिल्ली विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच राजनीतिक घमासान जारी है। इसी बीच, आप पार्टी ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि भगवा पार्टी के गुंडों ने रिठाला से ‘आप’ विधायक महेंद्र गोयल पर जानलेवा हमला किया। इस हमले के बाद महेंद्र गोयल बेहोश हो गए, जिन्हें तुरंत रोहिणी स्थित अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चुनावी रैली में हमला
यह घटना शनिवार, 1 फरवरी सुबह 11:15 बजे की बताई जा रही है। महेंद्र गोयल रिठाला इलाके में अपनी चुनावी रैली कर रहे थे, जब कुछ अज्ञात लोगों ने अचानक हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने आम आदमी पार्टी का पटका पहन रखा था, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

आप का बीजेपी पर आरोप
आप पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस हमले को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “दिल्ली में बीजेपी बुरी तरह हार रही है और बौखलाहट में अब हिंसा पर उतर आई है। रिठाला में बीजेपी के गुंडों ने हमारे विधायक महेंद्र गोयल पर जानलेवा हमला किया। इतना सब कुछ होने के बावजूद चुनाव आयोग अभी भी चुप है।”
बीजेपी की प्रतिक्रिया
बीजेपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और इसे आम आदमी पार्टी की साजिश करार दिया है। बीजेपी के प्रवक्ता का कहना है कि आप पार्टी चुनाव से पहले जनता की सहानुभूति पाने के लिए झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।

महेंद्र गोयल पर भी लगे आरोप
इस बीच, महेंद्र गोयल का नाम अवैध बांग्लादेशी सिंडिकेट से जुड़ने की खबरें भी सामने आई हैं। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में उन्हें नोटिस जारी किया था। बीजेपी का कहना है कि आम आदमी पार्टी इन आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए इस हमले को राजनीतिक रंग दे रही है।
ये भी पढ़े: केंद्रीय बजट 2025: किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा 5 लाख, किसानों में खुशी की लहर
दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होना है और 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना ने दिल्ली की राजनीति को और गरमा दिया है। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस की जांच क्या नया मोड़ लेती है और क्या सच सामने आता है।