मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख 31 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी।
इसके साथ ही 29 लाख महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 90 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की जाएगी।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर माखन नगर बाबाई में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां वे विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी करेंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। नवंबर 2025 से इस योजना के अंतर्गत मिलने वाली राशि में 250 रुपये की वृद्धि की गई, जिसके बाद अब पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

योजना के अंतर्गत जून 2023 से दिसंबर 2025 तक कुल 48 हजार 632 करोड़ 70 लाख रुपये महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं। वहीं जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के बीच 38 हजार 635 करोड़ 89 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
इस योजना से महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सम्मान मिला है। सरकार भविष्य में हितग्राही महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने की दिशा में भी ठोस कदम उठाएगी।