Homeप्रदेशहरिया नदी पर श्रमदान से बोरी बंधान, ग्रामवासियों को मिला सुरक्षित आवागमन...

हरिया नदी पर श्रमदान से बोरी बंधान, ग्रामवासियों को मिला सुरक्षित आवागमन का मार्ग

सिंगरौली। विकासखंड देवसर के सेक्टर सरई अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति ओबरी द्वारा अकला टोला के पास हरिया नदी में श्रमदान के माध्यम से 60 बोरियों का बोरी बंधान किया गया। इस सराहनीय पहल से विद्यालय जाने वाले छात्र–छात्राओं सहित ग्रामवासियों को नदी पार करने में अब सुविधा और सुरक्षा मिलेगी।

श्रमदान कार्य में प्रभुदयाल दाहिया, विकासखंड समन्वयक, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद देवसर, परामर्शदाता सियाराम जायसवाल, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति ओबरी के अध्यक्ष महाराज सिंह, सचिव सुखदेव सिंह, प्रस्फुटन समिति गन्नई के अध्यक्ष आशीष कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। सभी ने सामूहिक श्रमदान कर जनहित में यह महत्वपूर्ण कार्य संपन्न कराया।

कार्यक्रम के पश्चात सचिव सुखदेव सिंह के निवास पर एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जल संचय अभियान कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अभियान की उपयोगिता, उद्देश्य और दीर्घकालीन लाभों की जानकारी दी गई तथा जल संरक्षण के महत्व पर जोर दिया गया।

सभी उपस्थित जनों से आग्रह किया गया कि आगामी दिनों में भी इसी प्रकार अधिक से अधिक स्थानों पर श्रमदान कर बोरी बंधान कार्य जल संचय अभियान के अंतर्गत किए जाएँ, ताकि वर्षा जल का संरक्षण हो सके और ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट से निपटने में सहायता मिले।

यह पहल ग्रामीण सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से विकास एवं जल संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular