देश के कई हिस्सों में मानसून और प्री-मानसून कमजोर पड़ने लगा है। अगले 48 घंटों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। वहीं, कुछ राज्यों में हल्की बारिश के आसार भी हैं, लेकिन अधिकतर इलाकों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली-एनसीआर में फिर लौटेगी लू
दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले दिनों हुई बारिश और आंधी के बाद तापमान थोड़ा नीचे आया था। लेकिन अब मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले चार दिन दिल्ली में लू जैसे हालात बने रहेंगे। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश में कमजोर हुआ प्री-मानसून
उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून की सक्रियता कम हो गई है। बारिश और आंधी थमने से तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। पूर्वी यूपी के लिए मौसम विभाग ने 8 और 9 जून को हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 11 जून से कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है।
बिहार में 10 से 12 जून के बीच पहुंचेगा मानसून
बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को अचानक मौसम बदला, जिससे कुछ इलाकों में बारिश और जलजमाव की स्थिति बनी। किशनगंज, कटिहार और भभुआ में भी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि 10 से 12 जून के बीच मानसून बिहार में दस्तक देगा।
इस बीच, आरा, बक्सर, वैशाली, रोहतास, कैमूर और सिवान समेत 20 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, गर्मी की लहर अब भी बनी रहेगी।
मध्य प्रदेश में 15 जून तक पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में मानसून की आगमन तिथि 15 जून मानी जा रही है। फिलहाल राज्य के कई जिलों में तेज गर्मी और लू का असर देखा जा रहा है।
छतरपुर के खजुराहो में शुक्रवार को 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ग्वालियर-चंबल में लू का अलर्ट जारी है।


हालांकि, इंदौर, भोपाल, देवास, सिवनी और नरसिंहपुर में तेज आंधी और बारिश की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार धीमी, गर्मी का असर तेज
छत्तीसगढ़ में मानसून ने समय से पहले दस्तक दी थी, लेकिन अब बारिश की रफ्तार थम गई है। इससे राज्य के कई हिस्सों में तपिश और उमस बढ़ गई है।
राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा में हल्की बारिश का यलो अलर्ट है।
नॉर्थ-ईस्ट राज्यों में कुछ राहत, लेकिन सतर्कता जारी
पूर्वोत्तर राज्यों में बीते दिनों हुई भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी थी। अब वहां मानसून थोड़ा कमजोर पड़ा है, जिससे राहत मिल रही है और रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी आ सकी है।
फिर भी, मणिपुर, मिजोरम और नागालैंड के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें:- रेपो रेट में कटौती के बाद PNB ने होम और ऑटो लोन सस्ता किया, ग्राहकों को मिलेगी राहत
देश के अधिकतर राज्यों में मानसून की चाल धीमी पड़ रही है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन काफी गर्म और असहज रहने वाले हैं। लोगों को सावधानी बरतने, धूप से बचने और मौसम विभाग की सलाह मानने की जरूरत है। वहीं, मानसून की सही रफ्तार के लिए लोगों को अब 10 से 15 जून तक इंतजार करना होगा।