Homeबड़ी खबरेशाजापुर में कैलाश विजयवर्गीय का बयान, राहुल-प्रियंका पर टिप्पणी से सियासत गरमाई

शाजापुर में कैलाश विजयवर्गीय का बयान, राहुल-प्रियंका पर टिप्पणी से सियासत गरमाई

मध्य प्रदेश के शाजापुर में गुरुवार को आयोजित एक समारोह के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने ऐसा बयान दे दिया, जिसने राजनीतिक हलकों में नया विवाद खड़ा कर दिया है। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अप्रत्यक्ष निशाना साधते हुए उन्हें विदेशी संस्कृति अपनाने वाला बताया।

विजयवर्गीय ने कहा, “आज के हमारे विपक्ष के नेता ऐसे हैं जो अपनी जवान बहन को चौराहे पर चुंबन कर लेते हैं। क्या आपमें से कोई ऐसा कर सकता है? यह भारतीय संस्कारों में नहीं, बल्कि विदेशी संस्कृति का हिस्सा है। भारत अपने मूल संस्कारों पर ही आगे बढ़ेगा।”

उनके इस बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने कहा कि विजयवर्गीय लगातार महिलाओं पर असंवेदनशील टिप्पणी कर रहे हैं और अब राहुल-प्रियंका को लेकर अनर्गल बातें कर रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा नेता दरअसल गांधी भाई-बहन की बढ़ती लोकप्रियता से विचलित हैं, इसलिए ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब कैलाश विजयवर्गीय के बयान से विवाद खड़ा हुआ हो। जून 2024 में भी उन्होंने महिलाओं के कपड़ों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उस समय उन्होंने कहा था कि “भारत में सुसज्जित और परंपरागत वस्त्र पहनने वाली लड़कियां सुंदर लगती हैं, जबकि पश्चिमी संस्कृति में छोटे कपड़ों को सुंदरता का पैमाना माना जाता है।”

विजयवर्गीय के ताज़ा बयान से एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular