Homeबड़ी खबरेमऊगंज में पीएम आवास योजना पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, पंचायत सचिव...

मऊगंज में पीएम आवास योजना पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, पंचायत सचिव का वीडियो वायरल

मऊगंज जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर एक बार फिर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। नईगढ़ी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत डिहिया में पदस्थ पंचायत सचिव पर योजना का लाभ दिलाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीण अंचल में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो सोमवार का बताया जा रहा है, जिसमें पंचायत सचिव चित्रसेन साहू कथित रूप से हितग्राहियों से पैसों की मांग करते हुए सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि यदि निर्धारित राशि नहीं दी गई, तो प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम नहीं जोड़ा जाएगा और जनपद स्तर पर फाइल निरस्त कर दी जाएगी। वीडियो में प्रयुक्त भाषा को लेकर ग्रामीणों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सचिव द्वारा लंबे समय से पीएम आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं में भी इसी तरह की कार्यप्रणाली अपनाई जा रही है। जिन हितग्राहियों ने पैसे देने से इनकार किया, उनके नाम सूची से हटा दिए गए या प्रक्रिया में जानबूझकर अड़चनें डाली गईं, जबकि राशि देने वालों को प्राथमिकता दी गई। इससे कई वास्तविक पात्र लाभार्थी योजना से वंचित रह गए।

वीडियो सामने आने के बाद ग्राम पंचायत डिहिया और आसपास के गांवों में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल इस मामले पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि संबंधित अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और आरोप सही पाए जाने पर पंचायत सचिव के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular