सीधी–सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय डॉ. राजेश मिश्रा ने आज सीधी जिले में संचालित महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं का अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीधी के नौढिया क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन का गहन अवलोकन करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण की गुणवत्ता व समय-सीमा को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप हों और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द रेलवे सुविधा का लाभ मिल सके।इसके पश्चात सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने चुरहट विधानसभा अंतर्गत ग्राम चिलरी में चल रहे रेलवे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।

मौके पर मौजूद रेलवे एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उन्होंने प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि रेलवे परियोजनाएं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की रीढ़ हैं।
इससे न केवल आवागमन सुलभ होगा, बल्कि व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और वे स्वयं इन योजनाओं की नियमित निगरानी कर रहे हैं, ताकि आमजन को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।