Homeबड़ी खबरेप्रेम का भरोसा टूटा, युवती ने जीवन से तोड़ा नाताशादी से इनकार...

प्रेम का भरोसा टूटा, युवती ने जीवन से तोड़ा नाताशादी से इनकार बना आत्मघाती कदम की वजह

रीवा। जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलकी गांव से एक बेहद दुखद और संवेदनशील घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। प्रेम संबंध में लंबे समय तक शादी का भरोसा दिए जाने के बाद अचानक इनकार किए जाने से आहत एक युवती ने आत्मघाती कदम उठाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना कल दोपहर करीब 1 बजे की है। बताया जा रहा है कि युवती पिछले तीन वर्षों से एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी। इस दौरान युवक लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, जिससे युवती अपने भविष्य को लेकर पूरी तरह आश्वस्त थी। दोनों के बीच नियमित रूप से मोबाइल पर बातचीत होती थी और रिश्ते को लेकर गंभीरता बनी हुई थी।

हालांकि, जब युवती ने हाल के दिनों में शादी को लेकर स्पष्ट बातचीत की, तो युवक ने अचानक शादी से साफ इनकार कर दिया। इस अप्रत्याशित फैसले से युवती गहरे मानसिक तनाव में आ गई। परिजनों के अनुसार, युवती ने दो दिन पहले अपने पिता को पूरी स्थिति से अवगत कराया था और वह अत्यंत परेशान थी। टूटे भरोसे और मानसिक दबाव के चलते उसने यह दुखद कदम उठा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही चोरहटा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के परिजनों ने युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने लंबे समय तक शादी का झांसा देकर युवती को भावनात्मक रूप से जोड़े रखा और अंत समय में मुकर गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक संदीप कोल, गुड़ थाना क्षेत्र के हरदी गांव का निवासी है, जबकि मृतका अमलकी गांव की रहने वाली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, कॉल डिटेल, बातचीत और अन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular