सीधी। जिले के कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एसडीएम विकास कुमार आनंद ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान लंबे समय से शासकीय कार्यों में लापरवाही बरत रहे सेक्टर मेडिकल ऑफिसर एवं सीएचओ पर सख्त रुख अपनाते हुए एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जिनके कार्य में अनियमितता पाई जाएगी, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
समीक्षा के दौरान एसडीएम ने निर्देश दिए कि सभी सीएचओ अपने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर सेवाएं प्रदान करें। सभी गर्भवती महिलाओं की पहचान कर प्रथम त्रैमास में पंजीयन, गर्भावस्था के दौरान न्यूनतम चार एएनसी जांच सुनिश्चित करने तथा हाई रिस्क प्रेगनेंसी की पहचान कर नियमित फॉलोअप लेने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य मातृ मृत्यु दर (MMR) में प्रभावी कमी लाना है।
उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने, प्रसव के बाद 42 दिनों में 7 गृह भेंट करने तथा पोषण संबंधी काउंसलिंग के निर्देश दिए। आयरन की कमी से ग्रस्त महिलाओं को आयरन सुक्रोज या एफसीएम के माध्यम से उपचार देने पर भी जोर दिया गया।

एसडीएम ने पोषण पुनर्वास केंद्र में 100 प्रतिशत बेड ऑक्युपेंसी सुनिश्चित करने, आयुष्मान कार्ड सैचुरेशन बढ़ाने तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के घर-घर जाकर कार्ड बनाने के निर्देश दिए, जिसकी साप्ताहिक समीक्षा स्वयं एसडीएम द्वारा की जाएगी।
इसके अलावा बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण, टीबी मरीजों की पहचान व उपचार, नियमित बैठकों एवं रिकॉर्ड संधारण पर भी कड़े निर्देश दिए गए। एसडीएम ने चेतावनी दी कि वे स्वयं फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं की जांच करेंगे।
बैठक में डॉ. सुधीर गुप्ता, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर, बीईई, बीसीएम एवं सभी सीएचओ उपस्थित रहे।