वाशिंगटन डीसी: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी फिलहाल तीन दिन के अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और भारतीय राजनीति, विशेष रूप से भाजपा (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के खिलाफ तीखे आरोप लगाए। उनका यह दौरा अमेरिका में भारतीय समुदाय और छात्रों के बीच महत्वपूर्ण चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है।
राहुल गांधी का आरोप: निष्पक्ष चुनाव नहीं हुए
राहुल गांधी ने जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी में छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि हाल के लोकसभा चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं हुए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग ने भाजपा के इशारे पर काम किया और चुनाव प्रक्रिया को नियंत्रित किया। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग वही कर रहा था, जो भाजपा चाहती थी। पूरा अभियान इस तरह से बनाया गया था कि नरेंद्र मोदी देश भर में अपना काम करें। जिन राज्यों में भाजपा कमजोर थी, उन्हें अलग डिजाइन किया गया, जबकि मजबूत राज्यों को अलग तरह से देखा गया। यह स्वतंत्र चुनाव नहीं, बल्कि नियंत्रित चुनाव था। मुझे नहीं लगता कि निष्पक्ष चुनाव होते तो भाजपा 240 सीटों के आसपास भी पहुंच पाती।”

RSS पर हमला: संस्थानों पर कब्जा
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि RSS ने बड़े संस्थानों पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा, “चुनावों से पहले हम इस बात पर जोर देते रहे कि संस्थाओं पर कब्जा कर लिया गया है। एजुकेशन सिस्टम पर RSS का कब्जा है। मीडिया और जांच एजेंसियों पर भी उनका कब्जा है। हम यह कहते रहे, लेकिन लोगों को यह समझ में नहीं आ रहा था। इसके बाद मैंने संविधान को सामने रखा और जो कुछ भी कहा, वह अचानक से सच साबित हुआ। गरीबों ने समझ लिया कि यह संविधान की रक्षा करने वालों और इसे नष्ट करने वालों के बीच की लड़ाई है।”

जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय की बात
राहुल गांधी ने दलितों, OBC और आदिवासियों के अधिकारों की कमी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “भारत के दलित, OBC, और आदिवासी को उनका हक नहीं मिल रहा है। देश की 90% आबादी वाले OBC, दलित और आदिवासी इस खेल में शामिल नहीं हैं। जातिगत जनगणना यह जानने का आसान तरीका है कि निचली जातियां, पिछड़ी जातियां और दलित किस स्थिति में हैं। हम समझना चाहते हैं कि उनकी सामाजिक और वित्तीय स्थिति कैसी है। टॉप 200 बिजनेस की लिस्ट में देखिए, 90% लोग कहीं भी नहीं हैं। देश के सर्वोच्च न्यायालय में भी उनकी कोई भागीदारी नहीं है। मीडिया में भी उनकी कोई उपस्थिति नहीं है।”
भाजपा पर सख्त हमला
राहुल गांधी ने वर्जीनिया के हर्नंडन में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान भाजपा पर सख्त हमला किया। उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनाव के बाद अब लोगों को डर नहीं लगता। उनका डर निकल गया है। मोदी का विचार, 56 इंच का सीना, भगवान से सीधा संबंध—यह सब अब खत्म हो गया है, यह सब अब इतिहास बन गया है।”

अमेरिका:- राहुल गांधी की भविष्यवाणियाँ
राहुल गांधी ने भाजपा को चेतावनी दी कि उन्हें यह समझना चाहिए कि भारत एक संघ है और यह सबका है। उन्होंने कहा, “भाजपा को यह समझ में नहीं आता कि ये देश सबका है। भारत एक संघ है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा कहती है कि यह संघ नहीं है, यह अलग है।”
ये भी पढ़ें:- पुतिन का यूक्रेन से बातचीत के लिए खुला प्रस्ताव: भारत, चीन या ब्राजील कर सकते हैं मध्यस्थता
राहुल गांधी का अमेरिका दौरा भारतीय राजनीति के लिए एक महत्वपूर्ण बयानबाजी का हिस्सा बन गया है। उन्होंने वहां के छात्रों और भारतीय समुदाय से संवाद करते हुए भाजपा और RSS के खिलाफ अपनी तीखी आलोचना की है, जो आगामी चुनावों और राजनीति के माहौल को प्रभावित कर सकता है।