Homeबड़ी खबरेसीजफायर के कुछ घंटे बाद ही गोलीबारी, भारत ने दी सख्त चेतावनी:...

सीजफायर के कुछ घंटे बाद ही गोलीबारी, भारत ने दी सख्त चेतावनी: सीमाओं पर सतर्कता बढ़ी

भारत और पाकिस्तान के बीच घोषित सीजफायर के कुछ ही घंटों के भीतर सीमावर्ती इलाकों से गोलीबारी की खबरें सामने आने लगीं। शनिवार देर रात जम्मू-कश्मीर के अंतर्राष्ट्रीय सीमा (IB) और नियंत्रण रेखा (LoC) पर कुछ जगहों पर फायरिंग हुई, जिससे एक बार फिर दोनों देशों के बीच तनाव का माहौल बन गया है। हालांकि, रविवार सुबह तक जम्मू, पुंछ, राजौरी और अखनूर जैसे इलाकों में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शनिवार रात 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान पर सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि भारत इस उकसावे का कड़ा जवाब दे रहा है और सेना को ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सेना भी पूरी तरह सतर्क है। जम्मू स्थित नगरोटा सैन्य स्टेशन पर भी शनिवार रात कुछ समय के लिए फायरिंग हुई, जिसमें एक जवान मामूली रूप से घायल हो गया। सेना की ‘व्हाइट नाइट कोर्प्स’ ने बयान में बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है और घुसपैठ की हर कोशिश को नाकाम किया जा रहा है।

अमृतसर में रेड अलर्ट, लोगों को घर में रहने की अपील

सीमावर्ती पंजाब के अमृतसर जिले में प्रशासन ने रेड अलर्ट घोषित कर दिया है। जिला कलेक्टर की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि “स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से नागरिकों को घर के अंदर रहने और खिड़कियों से दूर रहने की सलाह दी जाती है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इलाके में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, पर सायरन बजते ही अलर्ट मोड में जाने की आवश्यकता है।

भारत सरकार ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा है कि सीजफायर उल्लंघन जैसी हरकतें कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सेना को पूरी स्वतंत्रता दी गई है कि वो सीमाओं की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाए।

स्थानीय लोग सहमे, लेकिन हालात काबू में

हालांकि शुरुआती फायरिंग की खबरों के बाद कई इलाकों में डर का माहौल बना, पर रविवार सुबह तक जम्मू शहर की सड़कों पर आम जनजीवन सामान्य दिखा। बाजार खुले और वाहन भी आवाजाही करने लगे। पुंछ और राजौरी जैसे संवेदनशील जिलों से भी किसी नई गोलीबारी या ड्रोन गतिविधि की कोई खबर नहीं आई है।

यह भी पढ़ें:- भारत की सबसे बड़ी ग्राउंड वाटर रिचार्ज परियोजना पर एमपी-महाराष्ट्र सरकार में हुआ करा

सीजफायर के उल्लंघन और बढ़ते तनाव के बीच अब सभी की नजरें पाकिस्तान की अगली प्रतिक्रिया और भारत की रणनीतिक कार्रवाई पर टिकी हैं। सीमा पर फिलहाल हाई अलर्ट है और सेना की निगरानी लगातार जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular