Homeबड़ी खबरेदेशभर से बड़ी खबरें: नक्सली मोर्चे से सुप्रीम कोर्ट तक, राजनीति से...

देशभर से बड़ी खबरें: नक्सली मोर्चे से सुप्रीम कोर्ट तक, राजनीति से सड़क हादसों तक

नक्सल मोर्चे पर बड़ी कार्रवाई: 27 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। DRG जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में अब तक 27 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ में DRG का एक जवान शहीद हो गया है। इलाके में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है। बस्तर IG सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।

वहीं पखांजूर में भी C-60 बल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। यहां जवानों ने नक्सली कैंप को ध्वस्त कर दिया और एक इंसास रायफल, डेटोनेटर और कारतूस बरामद किए हैं।

वक्फ संशोधन अधिनियम पर सुप्रीम कोर्ट में बहस जारी

सुप्रीम कोर्ट में वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 की वैधता पर सुनवाई दूसरे दिन भी जारी रही। वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने इस अधिनियम का विरोध करते हुए कहा कि यह मुस्लिम समुदाय के धार्मिक और संपत्ति अधिकारों का उल्लंघन करता है। वहीं केंद्र सरकार ने याचिका को तीन प्रमुख मुद्दों तक सीमित रखने की अपील की है।

सुनवाई के केंद्र में ये तीन मुद्दे हैं –

  1. वक्फ संपत्तियों को गैर-अधिसूचित करने का अधिकार
  2. वक्फ बोर्डों की संरचना में केवल मुस्लिम सदस्यों की मांग
  3. सरकारी भूमि पर वक्फ अधिकारों का निर्धारण

राजनीतिक बयानबाजी तेज: जय हिंद यात्रा बनाम तिरंगा यात्रा

जबलपुर में 31 मई से कांग्रेस की ‘जय हिंद यात्रा’ शुरू होने जा रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह यात्रा संविधान, धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र की रक्षा के लिए निकाली जा रही है। इसमें राहुल या प्रियंका गांधी के शामिल होने की संभावना है।

वहीं, भाजपा विधायक अशोक रोहाणी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि सेना की उपलब्धियों पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तिरंगा यात्रा का मुकाबला करने के लिए पार्टीगत राजनीति कर रही है।

भ्रष्टाचार पर लगाम: रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

रतलाम में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने एक पटवारी को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। पटवारी ने प्लॉट डायवर्जन के लिए यह रकम मांगी थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बच्चों पर आफत: सागर में तूफान से गिरे छप्पर

मध्यप्रदेश के सागर जिले के गोरखुर्द गांव में तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण एक मकान का छप्पर उड़ गया। छप्पर गिरने से दो बच्चे घर से बाहर जा गिरे और घायल हो गए। दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कार हादसा: महिला घायल, अधेड़ की मौत

अंबिकापुर में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार और पैदल चल रही महिला को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के बमलाया गांव की है।

शिक्षा विभाग में कार्रवाई: अश्लीलता पर सख्ती

मुरैना के गर्ल्स कॉलेज में छात्रा से अश्लील हरकत के मामले में लैब अटेंडेंट को निलंबित कर दिया गया है। जांच के बाद कॉलेज प्राचार्य भारती शुक्ला से भी प्रभार हटा लिया गया है।

विभाग ने उन्हें ग्वालियर कार्यालय अटैच कर दिया है।

कांग्रेस की ‘फुले’ फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग

जबलपुर में कांग्रेस ने सामाजिक समरसता पर बनी फिल्म ‘फुले’ को टैक्स फ्री करने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार सिर्फ सांप्रदायिक फिल्मों को टैक्स फ्री करती है। पार्टी गुरुवार को सभी शो मुफ्त दिखाकर फिल्म का प्रचार करेगी।

राजिम में मनरेगा कर्मचारियों का प्रदर्शन

राजिम के फिंगेश्वर जनपद में मनरेगा कर्मचारियों ने एक अधिकारी पर महिला कर्मचारी को अश्लील गाली देने का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोला है।

उन्होंने संकाय सदस्य अभय साहू को हटाने की मांग की है और चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने तक वे काम बंद रखेंगे।

रायपुर में ऑनलाइन ऐप घोटाला: एक युवक हिरासत में

गजानंद ऐप घोटाले में रायपुर क्राइम ब्रांच ने बज्जू शर्मा नामक युवक को हिरासत में लिया है। आरोपी के बैंक खातों में लाखों रुपए की लेन-देन के प्रमाण मिले हैं।

वह पहले से गिरफ्तार आरोपियों से जुड़ा बताया जा रहा है।

टाइगर रिजर्व में नियम तोड़ा: DSP ने उड़ाया ड्रोन

मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व में हाकफोर्स के DSP द्वारा ड्रोन उड़ाने का वीडियो वायरल हो गया है। रिजर्व क्षेत्र में ड्रोन उड़ाना वाइल्ड लाइफ एक्ट का उल्लंघन है। टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने IG हाकफोर्स को नोटिस भेजा है।

मुख्यमंत्री बोले: टूटे अब तक के रिकॉर्ड

भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आजादी के बाद मध्यप्रदेश में सबसे अधिक बच्चों की पहचान की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल और कॉलेज के बच्चे UPSC तक चयनित हो रहे हैं, जो प्रदेश की बढ़ती शिक्षा गुणवत्ता का प्रमाण है।

सोशल मीडिया पर कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार: FIR की मांग

रायपुर में कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पार्टी और नेताओं के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।

कांग्रेस ने SSP को साक्ष्य सौंपे हैं और चेताया है कि कार्रवाई न होने पर वे कोर्ट का रुख करेंगे।

यह भी पढ़ें:- भारत में फिर सिर उठाने लगा कोरोना: महाराष्ट्र में दो मौतें, कर्नाटक और तमिलनाडु में बढ़े एक्टिव केस

RELATED ARTICLES

Most Popular