Home Blog Page 2

सीधी व्यापारी संघ ने सौंपा ज्ञापन,नगर में नल-जल व गैस पाइपलाइन कार्य में लापरवाही

सीधी। नगर में नल-जल योजना एवं गैस पाइपलाइन कार्य में हो रही लापरवाही को लेकर जिला व्यापारी संघ सीधी के अध्यक्ष लालचंद्र गुप्ता, सचिव भीम कामदार, युवा व्यापारी संघ अध्यक्ष अमित गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित सुधार की मांग की है।

नगर में चल रही नल-जल योजना एवं गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्य में ठेकेदारों की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है, जिससे शहर की अधिकांश सड़कें बदहाल हो गई हैं। कई वार्डों में सड़कों को खोदने के बाद न तो उन्हें समुचित रूप से भरा गया और न ही मरम्मत की गई।

शिकायतों के अनुसार, अनेक स्थानों पर पाइपलाइन को निर्धारित गहराई तक नहीं डाला गया, जिससे भविष्य में भारी वाहनों की आवाजाही से पाइप क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है।बाजार क्षेत्र में स्थिति और भी चिंताजनक है, जहां टूटी-फूटी सड़कों के कारण धूल, गंदगी और प्रदूषण बढ़ रहा है।

इससे न केवल राहगीरों को परेशानी हो रही है, बल्कि जाम और दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार, नल-जल योजना के अंतर्गत केवल वार्ड क्रमांक 13 में सड़क की मरम्मत की गई है, जबकि अन्य वार्डों में कार्य अधूरा पड़ा है।

इसी तरह, गैस पाइपलाइन डालने के बाद कई जगह नालियों को भी पाटना भूल गए ठेकेदार, जिससे जलभराव और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन जिला इकाई सीधी की बैठक संपन्न, नई कार्यकारिणी का गठन

प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन जिला इकाई सीधी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न विकासखंडों से निजी विद्यालयों के संचालक, शिक्षाविद एवं संगठन के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक का उद्देश्य संगठन को सशक्त बनाते हुए निजी विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा। इस अवसर पर इंजी. आर.बी. सिंह को जिला अध्यक्ष, डॉ. मुनींद्र शुक्ल को जिला कार्यकारी अध्यक्ष एवं ज्ञानेन्द्र सिंह को संरक्षक मंडल में मनोनीत किया गया।

Oplus_131072

वहीं नरेंद्र सिंह को महासचिव, सौरभ सिंह को संगठन महामंत्री, राजेश गुप्ता को उपाध्यक्ष, द्विजकमल मिश्र को सचिव एवं शिवकुमार सिंह को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।बैठक में आरटीई, शासकीय नियमों की व्यवहारिक चुनौतियाँ, फीस संरचना, शिक्षकों के अधिकार, विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

सभी विषयों पर प्रशासन से संवाद कर समाधान निकालने का निर्णय लिया गया।नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन हित में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं एकजुटता से कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक का समापन शिक्षा के उत्थान और संगठन की मजबूती के संकल्प के साथ किया गया।

सीधी चैलेंज कप सीजन-9: भूमि एसोसिएट्स दिल्ली ने हैदराबाद को 9 विकेट से दी करारी शिकस्त

0

अखिल भारतीय आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट कुंवर एंड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9 के नौवें दिन खेले गए मुकाबले में भूमि एसोसिएट्स एलबीएस दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीजन-8 की विजेता एमपीएसपी क्लब राजू क्रिकेट अकादमी हैदराबाद को एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से पराजित कर दिया।

यह मुकाबला स्थानीय छत्रसाल स्टेडियम में खेला गया।मैच से पूर्व टॉस स्पोर्ट्स समिति के अध्यक्ष डॉ. अनूप मिश्रा की उपस्थिति में हुआ, जिसमें हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। हालांकि दिल्ली के गेंदबाजों के सामने हैदराबाद की टीम टिक नहीं सकी और 26.2 ओवर में मात्र 102 रन पर सिमट गई।

दिल्ली की ओर से कुलदीप शर्मा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 2 विकेट झटके।लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 10 ओवर में ही जीत दर्ज कर ली।

कौशल सुमन ने 38 गेंदों में 8 छक्के और 6 चौकों की मदद से 79 रनों की विस्फोटक पारी खेली।इस शानदार प्रदर्शन के लिए कौशल सुमन और कुलदीप शर्मा को संयुक्त रूप से प्रताप मार्बल मैन ऑफ द मैच चुना गया।

युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सम्मिलित हुए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा

स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर मनाए गए राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में सीधी स्थित एक्सीलेंस स्कूल परिसर में आयोजित सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सीधी सांसद माननीय डॉ. राजेश मिश्रा ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक रूप से स्वस्थ रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी का लाइव माध्यम से प्रेरणादायक उद्बोधन भी प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह, कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी, विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सभी ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार कर योग, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए पथप्रदर्शक हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का निर्माण किया जा सकता है।

सीधी में लायनेस क्लब कामाख्या ने सुंदरकांड पाठ के साथ नए सत्र का शुभारंभ किया

सामाजिक सरोकारों में सक्रिय लायनेस क्लब कामाख्या, सीधी ने नए सत्र की शुरुआत धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में सुंदरकांड पाठ के आयोजन के साथ की। इस अवसर पर क्लब की सभी सदस्याओं ने सामूहिक रूप से सहभागिता करते हुए प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

क्लब की पदाधिकारियों ने बताया कि इस सत्र की थीम ‘सारथी’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य समाज को सही दिशा प्रदान करना तथा जरूरतमंदों के लिए मार्गदर्शक बनकर सेवा करना है। इसी विचारधारा को आत्मसात करते हुए क्लब की सदस्याएं सामाजिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यों को और अधिक सक्रियता से आगे बढ़ाएंगी।सुंदरकांड पाठ के पश्चात विधिवत आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. बीना मिश्रा, डॉ. सुनीता तिवारी, डॉ. रंजना शुक्ला, शर्मिला सिंह, ऋचा सिंह, वर्षा सिंह, सोनम सिंह, नम्रता सिंह, पूनम तिवारी, स्मृति शुक्ला, गुड़िया सिंह, आराधना सिंह, अंजू शर्मा, उर्मिला गुप्ता, नीलम अंसारी, गीतिका कटारिया, रेखा स्वरूप, रश्मि सोनी, रचना सिंह, रेनू सिंह एवं तारा तिवारी सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से न केवल मानसिक शांति प्राप्त होती है, बल्कि सामाजिक एकता और सेवा भावनाओं को भी मजबूती मिलती है।

क्लब द्वारा आने वाले समय में विभिन्न रचनात्मक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने नए सत्र की सफलता की कामना करते हुए ‘सारथी’ थीम को पूर्ण रूप से साकार करने का संकल्प लिया।

सीधी चैलेंज कप सीजन-9: हैदराबाद का धमाकेदार प्रदर्शन, मालदीव्स को 180 रनों से रौंदा

0

कुंवर एंड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9 के आठवें दिन छत्रसाल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एमपीएसपी क्लब राजू क्रिकेट अकादमी हैदराबाद ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए केडी कंस्ट्रक्शन क्रिकेट बोर्ड ऑफ मालदीव को 180 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया।

यह जीत टूर्नामेंट की अब तक की सबसे बड़ी जीतों में से एक मानी जा रही है।टॉस जीतकर हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 33.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 258 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से दीपांशु चौहान ने शानदार शतक लगाते हुए 79 गेंदों में 5 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 107 रन बनाए। वहीं देवेंद्र ने 60 रनों की बेहतरीन पारी खेली।लक्ष्य का पीछा करने उतरी मालदीव्स की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम महज 78 रन पर सिमट गई।

हैदराबाद की सधी हुई गेंदबाजी के सामने मालदीव्स के बल्लेबाज टिक नहीं सके।शानदार शतक और प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए दीपांशु चौहान को प्रताप मार्बल मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।

यह पुरस्कार अतिथियों बबलू मिश्रा, डॉ. राजेंद्र त्रिपाठी, राकेश सिंह और सूरज सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

सड़क दुर्घटना में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने दिखाई मानवता, घायलों को दिया प्राथमिक उपचार

कल सिंगरौली से पार्टी की संगठनात्मक बैठक में शामिल होकर सीधी लौटते समय बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजभोग ढाबा के सामने एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक बस और कार की आपस में टक्कर हो गई। दुर्घटना को देखते ही सीधी सांसद माननीय डॉ. राजेश मिश्रा ने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और मौके पर पहुँचकर घायलों की मदद की।

सांसद जी ने अपनी गाड़ी में उपलब्ध पट्टियाँ एवं घाव की दवा मंगवाकर घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान किया। इसके पश्चात उन्होंने तुरंत बहरी थाने को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही बहरी थाना प्रभारी श्री राजेश पांडेय जी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा और घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से कई घायलों को समय पर सहायता मिल सकी। स्थानीय लोगों ने उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

सीधी चैलेंज कप सीजन-9: रोमांचक मुकाबले में एनएनएस भदोही ने रांची को 3 विकेट से हराया

0

सीधी, 8 जनवरी।
अखिल भारतीय आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट कुंवर एंड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9 के पांचवें दिन छत्रसाल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दर्शकों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। समय प्रेस एनएनएस भदोही (उत्तर प्रदेश) और कमला कॉलेज रॉक मेंस रांची के बीच हुए इस कांटे के संघर्ष में भदोही की टीम ने 3 विकेट से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए रांची की टीम 30 ओवर में 181 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। रांची के बल्लेबाजों ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने से टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। भदोही के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ शानदार प्रदर्शन किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनएनएस भदोही की टीम ने संयम और समझदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए 24.2 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अंतिम ओवरों में मैच बेहद रोमांचक हो गया, लेकिन भदोही के बल्लेबाजों ने धैर्य बनाए रखते हुए जीत सुनिश्चित की।

इस रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए आमिर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार राजेश सिंह एवं सौरभ सिंह द्वारा प्रताप मार्बल मैन ऑफ द मैच ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मैच का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बहरी में तैयारियों का लिया जायजा

सिहावल विधानसभा क्षेत्र के बहरी में आज विधायक विश्वामित्र पाठक ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय डॉ. मोहन यादव जी के 9 जनवरी 2026 को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर व्यापक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मंच व्यवस्था, पंडाल, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक विश्वामित्र पाठक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम क्षेत्र के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी आयोजन को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दौरा क्षेत्रवासियों के लिए नई विकास योजनाओं और सौगातों की उम्मीद लेकर आएगा।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने विधायक को तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया और आश्वासन दिया कि निर्धारित तिथि से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

सीधी चैलेंज कप सीजन-9: रोमांचक मुकाबले में मुंबई क्रिकेट क्लब ने भदोही को 1 विकेट से हराया

0

सीधी, 7 जनवरी।
अखिल भारतीय आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट कुंवर एंड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9 के चौथे दिन छत्रसाल स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में अपना फिलिंग स्टेशन मुंबई क्रिकेट क्लब ने समय प्रेस एनएनएस भदोही (उत्तर प्रदेश) को अंतिम ओवर में 1 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर भदोही ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 33.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 167 रन बनाए। भदोही की ओर से उमर ने 51 रन और सौरभ शुक्ला ने 31 रन की उपयोगी पारी खेली। मुंबई की ओर से हलीम ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर 3 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई टीम की शुरुआत खराब रही, लेकिन अमन यादव (37), नवंकूर (36) और गौरव दशोरे (30) की संघर्षपूर्ण पारियों की बदौलत मुंबई ने अंतिम ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए गौरव दशोरे को प्रताप मार्बल मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अतिथि डॉ. अजय मिश्रा एवं शिवम सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

मैच में अंपायर राकेश सिंह चंदेल और जितेंद्र गुप्ता, स्कोरर बी. कृष्ण कुमार एवं हर्ष गुप्ता रहे, जबकि कमेंट्री प्रेम कुमार, बालेंद्र कुशवाहा और सौरभ सिंह ने की।

अगला मैच:
सीधी चैलेंज कप सीजन-9 के पूल ‘ए’ का पाँचवाँ मुकाबला कल गुरुवार को सुबह 10 बजे कमला कॉलेज रॉक मेंस रांची और समय प्रेस एनएनएस भदोही (उत्तर प्रदेश) के बीच खेला जाएगा, जिसमें दोनों टीमें जीत के इरादे से मैदान में उतरेंगी।