Home Blog Page 3

सीधी इलेवन ने रांची को 50 रनों से हराया, हर्षवर्धन सिंह बने मैन ऑफ द मैच

सीधी:- अखिल भारतीय आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट कुंवर एंड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9 के दूसरे दिन स्थानीय छत्रसाल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टाटा कॉलेज सीधी इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कमला कॉलेज रॉक मेंस रांची (झारखंड) को 50 रनों से पराजित किया।

मैच से पूर्व सीधी चैलेंज कप स्पोर्ट समिति के अध्यक्ष डॉ. अनूप मिश्रा, सीधी इलेवन के फ्रेंचाइजी इंजी. आर.बी. सिंह एवं रॉक मेंस रांची के फ्रेंचाइजी नीरज शर्मा की गरिमामय उपस्थिति में टॉस संपन्न हुआ। टॉस जीतकर रांची ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए सीधी इलेवन ने 35 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 222 रन बनाए। टीम की ओर से दीपांशु कुमार ने 58 रन (49 गेंद) और चंचल राठौर ने 37 रन (28 गेंद) की उपयोगी पारियां खेलीं। जवाब में रॉक मेंस रांची की टीम अच्छी शुरुआत के बावजूद दबाव में आ गई और 30.5 ओवर में 172 रन पर सिमट गई। रांची की ओर से पवन कुमार ने 79 रनों की सराहनीय पारी खेली।

सीधी इलेवन की जीत के नायक हर्षवर्धन सिंह रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 39 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रताप मार्बल मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एडवोकेट बृजेंद्र सिंह एवं मोहित सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

मैच में अंपायर की भूमिका राकेश सिंह चंदेल एवं जितेंद्र गुप्ता ने निभाई, जबकि स्कोरर बी. कृष्ण कुमार और हर्ष गुप्ता रहे। कमेंट्री प्रेम कुमार, बालेंद्र कुशवाहा एवं सौरभ सिंह ने की।

कल का मैच:
सीधी चैलेंज कप सीजन-9 के पूल ‘ए’ का तीसरा मुकाबला कल मंगलवार को सुबह 10 बजे अपना फिलिंग स्टेशन मुंबई क्रिकेट क्लब एवं कमला कॉलेज रॉक मेंस रांची (झारखंड) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें एक-एक मैच हार चुकी हैं, ऐसे में यह मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।

सीधी चैलेंज कप सीजन-9 का भव्य शुभारंभ आज, मशाल जुलूस के साथ होगा आगाज़

0

सीधी।
अखिल भारतीय आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता कुंवर एण्ड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9 (Sidhi Challenge Cup Season 9) का भव्य शुभारंभ आज शुक्रवार 3 जनवरी को किया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर अपरान्ह 4 बजे भव्य मशाल जुलूस के पश्चात छत्रसाल स्टेडियम में उद्घाटन समारोह आयोजित होगा।

उद्घाटन समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसी अवसर पर विजेता ट्रॉफी का अनावरण कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती राधा सिंह, राज्य मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा किया जाएगा।

Sidhi Challenge Cup Season 9 में भाग लेने वाली सभी टीमों को आयोजन समिति की ओर से शुभकामनाएं दी गई हैं।

भव्य रूप में होगा शुभारंभ – डॉ. अनूप मिश्रा

Sidhi Challenge Cup Season 9 टूर्नामेंट स्पोर्ट्स समिति के अध्यक्ष डॉ. अनूप मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी टूर्नामेंट का शुभारंभ अत्यंत भव्य स्वरूप में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज अपरान्ह 3 बजे मशाल प्रज्वलित कर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भव्य मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जो छत्रसाल स्टेडियम पहुँचेगा।

स्टेडियम पहुँचने के बाद मुख्य अतिथि द्वारा मशाल प्रज्वलन, ध्वजारोहण एवं विजेता ट्रॉफी का अनावरण किया जाएगा, जिसके पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

देश-विदेश की नामी टीमें लेंगी हिस्सा

डॉ. अनूप मिश्रा ने बताया कि Sidhi Challenge Cup Season 9 में देश-विदेश की कई नामी टीमें भाग ले रही हैं। इनमें मालदीव, मुंबई, जम्मू-कश्मीर, हैदराबाद, दिल्ली, रांची, उत्तर प्रदेश सहित सीधी की स्थानीय टीम भी शामिल है। टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, सुरक्षा एवं दर्शकों के मनोरंजन की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने कहा कि आयोजन समिति द्वारा सीधी चैलेंज कप को वृहद, अंतरराष्ट्रीय एवं रोमांचक बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी उत्साह बना रहे।

पूल ए एवं पूल बी में शामिल टीमें

पूल ए एवं पूल बी में शामिल टीमें

पूल ए

  • एमसीसी मुंबई
  • सीधी 11
  • रॉक मेंस रांची
  • एनएनएस भदोही (उत्तर प्रदेश)

पूल बी

  • जम्मू एंड कश्मीर
  • एलबीएस दिल्ली
  • राजूस क्रिकेट क्लब, हैदराबाद
  • मालदीव क्रिकेट बोर्ड

टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच: 4 जनवरी

इन टीमों को मिली फ्रेंचाइजी

सीधी 11 – इंजीनियर आर.बी. सिंह (टाटा कॉलेज, सीधी)

एमसीसी मुंबई – विनय सिंह (अपना फिलिंग स्टेशन, सीधी)

मालदीव क्रिकेट बोर्ड – के.डी. सिंह (केडी कंस्ट्रक्शन)

रॉक मेंस रांची – नीरज शर्मा (कमला कॉलेज, सीधी)

राजूस अकादमी हैदराबाद – हरपाल सिंह

एलबीएस दिल्ली – रहीश चौहान (भूमि एसोसिएट)

एनएनएस भदोही (उत्तर प्रदेश) – कुशाग्रपति त्रिपाठी (समय प्रेस)

जम्मू एवं कश्मीर – अनिल सिंह ददरी

सीधी में आयोजित होने जा रहा यह क्रिकेट महाकुंभ खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जहाँ रोमांचक मुकाबलों के साथ क्रिकेट उत्सव देखने को मिलेगा।

Sidhi Challenge Cup Season 9 दर्शकों और खिलाड़ियों दोनों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा और सीधी को क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

पिछले साल के Sidhi Challenge Cup की फोटो गैलरी यहाँ देखें :- Click

मिश्रा नर्सिंग होम, सीधी ने अनोखे अंदाज़ में मनाया नववर्ष, नुक्कड़ नाटक से दी जीवनरक्षक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी

सीधी।
नववर्ष के अवसर पर मिश्रा नर्सिंग होम एवं प्रथम आईवीएफ क्लिनिक सेंटर, सीधी द्वारा समाजहित में एक सराहनीय जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “नव वर्ष, नया संकल्प – स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम के तहत अस्पताल परिसर से कलेक्ट्रेट चौराहा तक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी व्यक्ति को अचानक दिल का दौरा या ब्रेन स्ट्रोक आने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत सीपीआर (CPR) एवं आवश्यक प्राथमिक उपचार देना अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय पर की गई यह प्राथमिक सहायता मरीज के जीवन को बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकती है। साथ ही मरीज को शीघ्र नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

इस कार्यक्रम में मिश्रा नर्सिंग होम के चिकित्सकगण डॉ. बीना मिश्रा, डॉ. विवेक सिंह, डॉ. साक्षी पांडेय, डॉ. आर.एस. गुप्ता, डॉ. शिवा, डॉ. अतुल सहित ममता सिंह, करिश्मा, स्वाति, शाहीन, प्रियंका, रसिका, खुशबू, सपना, रिया, सुनीता, मालती, पंकज, संदीप, विनोद सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ सक्रिय रूप से उपस्थित रहा।

कार्यक्रम को शहरवासियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। नागरिकों ने इसे नववर्ष पर समाज के हित में की गई एक अभिनव और प्रेरणादायक पहल बताया। मिश्रा नर्सिंग होम की यह पहल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

गांधीग्राम में स्वतंत्रता सेनानी बंका बैगा को नमन, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने PVTG परिवारों को बांटे कंबल

सीधी जिले के गांधीग्राम गांव में आज स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री बंका बैगा की स्मृति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और देश की आज़ादी में उनके योगदान को याद किया।


श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति (PVTG) वर्ग के परिवारों के बीच पहुंचकर सहायता सामग्री का वितरण किया। ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद परिवारों को साल और कंबल प्रदान किए गए। सांसद ने इस दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।


डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान करना हर नागरिक का दायित्व है और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि PVTG समुदाय के विकास और सुविधाओं के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।


कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवकुमार सिंह चौहान, वरिष्ठ नेता श्री देवेंद्र त्रिपाठी, बरम्बाबा मंडल अध्यक्ष श्री सुबेदास यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
यह आयोजन सामाजिक समरसता और जनकल्याण के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

DCL सीजन–20 का दूसरा मुकाबला: देवसर जूनियर ने विशाल इलेवन को 34 रनों से हराया

0

देवसर।
DCL (देवसर क्रिकेट लीग) सीजन–20 के अंतर्गत आज दिनांक 24 दिसंबर 2025 को टूर्नामेंट का दूसरा रोमांचक मुकाबला खेला गया। यह मैच विशाल इलेवन एवं देवसर जूनियर टीम के मध्य आयोजित हुआ, जिसमें देवसर जूनियर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 34 रनों से अपने नाम कर लिया।

मैच के मुख्य अतिथि श्री उमाशंकर मिश्रा जी रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ मैच की शुरुआत कराई। पहले बल्लेबाजी करते हुए देवसर जूनियर टीम ने निर्धारित ओवरों में 185 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विशाल इलेवन की टीम संघर्ष के बावजूद 151 रन पर सिमट गई, जिससे देवसर जूनियर ने मैच जीत लिया।

इस मुकाबले में सचिन तिवारी का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा। उन्होंने शानदार 24 रन बनाने के साथ 4 विकेट झटककर मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में मोड़ दिया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार पूनम मेडिकल स्टोर के प्रोपराइटर संकट गुप्ता एवं उत्कर्ष गुप्ता की ओर से प्रदान किया गया।

मैच के अंपायर की भूमिका डॉ. वीरेंद्र पाण्डेय एवं सरोज चतुर्वेदी ने निभाई। वहीं कमेंट्री टीम में ठाकुर हरेंद्र सिंह, शैलेन्द्र तिवारी, बालेंद्र शेखर, दीपु मिश्रा, रिजवान (RJ 17) एवं सौरव चतुर्वेदी ने अपनी रोचक आवाज से मैच में जान डाल दी।
स्कोरर की जिम्मेदारी अक्षत द्विवेदी ने संभाली, जबकि ऑनलाइन स्कोरिंग का कार्य हसनैन, सूरज एवं सुखेन्द्र द्वारा किया गया।

मैच के सफल आयोजन में समिति सदस्य जावेद मन्नू, अरबाज, सोनू कुशवाहा एवं रवि केवट का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
DCL के संयोजक करुणाकर चतुर्वेदी (पप्पा) एवं आयोजक एड. दिनेश कुमार द्विवेदी (गुड्डन) के मार्गदर्शन में टूर्नामेंट सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।

मैच को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और आने वाले मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त रोमांच बना हुआ है।

सीधी में अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़, कुंवर एंड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9 की फ्रेंचाइजी का हुआ वितरण

0

सीधी।
स्थानीय छत्रसाल स्टेडियम में आगामी 3 जनवरी से प्रारंभ होने वाले अखिल भारतीय आमंत्रण अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट “कुंवर एंड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9” को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में भाग लेने वाली टीमों की फ्रेंचाइजी का वितरण कार्यक्रम अक्षत रेसिडेंसी, सीधी में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीधी चैलेंज कप स्पोर्ट समिति के अध्यक्ष डॉ. अनूप मिश्रा ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत में समिति के सचिव गुरुदत्त भट्ट ने टूर्नामेंट की रूपरेखा, भाग लेने वाली टीमों और मैच प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। वहीं समिति के उपाध्यक्ष अजीत सिंह ने प्रायोजकों, सह-प्रायोजकों एवं टीम फ्रेंचाइजी वितरण की प्रक्रिया का संचालन किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन समिति के कोषाध्यक्ष डॉ. विक्रम सिंह द्वारा किया गया।

इस वर्ष सीधी चैलेंज कप सीजन-9 में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें सीधी के साथ-साथ मालदीप (विदेशी टीम), मुंबई, दिल्ली, रांची, जम्मू-कश्मीर, हैदराबाद और भदोही (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। फ्रेंचाइजी वितरण की प्रक्रिया के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि हैदराबाद टीम की फ्रेंचाइजी महेश प्रताप सिंह परिहार मोटर्स, सीधी को दी जाए। इसके पश्चात शेष सात टीमों की फ्रेंचाइजी का वितरण सहयोग राशि के आधार पर किया गया।

फ्रेंचाइजी वितरण में सीधी इलेवन की फ्रेंचाइजी टाटा कॉलेज के डायरेक्टर इंजी. आर.बी. सिंह, मालदीव क्रिकेट बोर्ड की टीम केडी ग्रुप, रॉक मेन्स रांची की फ्रेंचाइजी गणेश ग्रुप (डायरेक्टर नीरज शर्मा), जम्मू-कश्मीर वारियर्स अनिल सिंह ददरी, मुंबई क्रिकेट क्लब विनय कुमार सिंह तथा एलबीएन क्रिकेट अकादमी दिल्ली को प्रदान की गई।

इस टूर्नामेंट की खास बात यह है कि पहली बार सीधी के मैदान पर विदेशी टीम मालदीप के खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे, जो क्रिकेट प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। टूर्नामेंट के सभी मैचों का छत्रसाल स्टेडियम से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

विजेता टीम को 2 लाख रुपये तथा उसकी फ्रेंचाइजी को सहयोग राशि का दुगुना, जबकि उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये एवं फ्रेंचाइजी को सहयोग राशि का आधा पुरस्कार दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि कुंवर एंड ब्रदर्स के संचालक राकेश सिंह बघेल लगातार चौथी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के मुख्य प्रायोजक बने हैं। इस अवसर पर डॉ. अनूप मिश्रा ने कहा कि आयोजन को लेकर जिलेवासियों में जबरदस्त उत्साह है, वहीं राकेश सिंह बघेल ने भरोसा दिलाया कि इस बार भी टूर्नामेंट भव्य और यादगार होगा।

सीधी चैलेंज कप सीजन-9 न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि जिले की खेल संस्कृति को भी नई पहचान दिलाएगा।

नियुक्त प्राचार्य के कॉलेज न आने से शैक्षणिक व्यवस्था चरमराई, छात्रों में आक्रोश

सिंगरौली। शासकीय महाविद्यालय बरगवां में प्रभारी प्राचार्य की नियुक्ति के बावजूद उनके नियमित रूप से कॉलेज न आने से शैक्षणिक, प्रशासनिक और अनुशासनात्मक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य यह कहकर जिम्मेदारी से बचते रहे हैं कि वे “बी.सी. (कार्यभार) में हैं”, जिसके चलते कॉलेज लंबे समय से नेतृत्वविहीन स्थिति में संचालित हो रहा है।

प्राचार्य की अनुपस्थिति के कारण न तो किसी अधिकारी को स्पष्ट प्रभार सौंपा गया है और न ही कक्षाएं समय पर लग पा रही हैं। अनुशासनहीनता बढ़ गई है और पढ़ाई बाधित होने से छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। कॉलेज परिसर में मूलभूत सुविधाओं की भी भारी कमी है। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है, नल खराब पड़े हैं, शौचालय और परिसर की साफ-सफाई बेहद खराब स्थिति में है। जगह-जगह गंदगी और गुटखा थूकने से स्वास्थ्य जोखिम बढ़ गया है।

छात्रों का यह भी आरोप है कि समस्याएं उठाने पर समाधान देने के बजाय उन्हें धमकाया जाता है। कथित तौर पर प्राचार्य द्वारा “सीसी में फेल कर देने” जैसी बातें कही गईं, जिससे छात्रों में भय का माहौल है और लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सिंगरौली द्वारा जब प्राचार्य से चर्चा की गई तो उन्होंने किसी भी प्रकार का जवाब देने से इंकार किया। विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक अभिषेक द्विवेदी ने इस स्थिति की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि महाविद्यालय को लावारिस छोड़ना और छात्रों को डराना अस्वीकार्य है। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

सीधी के होटल में छापा, होटल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज

सीधी। शहर के होटल गंगा पैलेस में खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश लोधी ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्य प्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार मिलावट की रोकथाम और आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गठित संभागीय उड़नदस्ता टीम द्वारा स्थानीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ संयुक्त रूप से होटल में छापामार कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान होटल प्रबंधन की गंभीर लापरवाहियां उजागर हुईं। टीम ने पाया कि होटल में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक ही फ्रिज में संग्रहित किया जा रहा था। इसके साथ ही किचन में वेज और नॉनवेज भोजन के निर्माण के लिए अलग-अलग बर्तनों का उपयोग नहीं किया जा रहा था, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके अतिरिक्त रेस्टोरेंट के किचन एवं स्टोर कक्ष में अत्यधिक गंदगी पाई गई, जिससे खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।

जांच के दौरान स्टोर में एक्सपायरी डेट का मसाला भी पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। उल्लेखनीय है कि होटल गंगा पैलेस के विरुद्ध सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें एक ग्राहक ने शाकाहारी भोजन में नॉनवेज खाद्य पदार्थ के अंश मिलने की शिकायत की थी।

इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए उड़नदस्ता टीम द्वारा होटल गंगा पैलेस का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की गई है। साथ ही होटल संचालक अरुण सिंह के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

सिंगरौली में अवैध गांजा खेती का खुलासा, खुटार चौकी पुलिस ने 25 किलो से अधिक गांजा जब्त किया

सिंगरौली जिले में नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटार चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक घर के पीछे अवैध रूप से उगाए गए गांजे के विशाल पेड़ का पर्दाफाश करते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है।

पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति ने अपने आवास के पीछे गांजे की खेती कर रखी है। सूचना की पुष्टि के बाद खुटार चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस को घर के पीछे उगाया गया गांजे का एक बड़ा पेड़ मिला, जिसे जब्त किया गया। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 25 किलो 660 ग्राम पाया गया।

कार्रवाई के दौरान संबंधित आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने गांजे के पेड़ को छिपाने के उद्देश्य से उसे सफेद कपड़े से ढक रखा था, ताकि किसी को संदेह न हो। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते यह अवैध गतिविधि उजागर हो गई।

खुटार चौकी पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर करारी चोट माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि समाज को नशे से मुक्त रखा जा सके।

एसडीएम ने ली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, लापरवाह सेक्टर मेडिकल ऑफिसर व सीएचओ को जारी होगी नोटिस

सीधी। जिले के कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एसडीएम विकास कुमार आनंद ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान लंबे समय से शासकीय कार्यों में लापरवाही बरत रहे सेक्टर मेडिकल ऑफिसर एवं सीएचओ पर सख्त रुख अपनाते हुए एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जिनके कार्य में अनियमितता पाई जाएगी, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

समीक्षा के दौरान एसडीएम ने निर्देश दिए कि सभी सीएचओ अपने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर सेवाएं प्रदान करें। सभी गर्भवती महिलाओं की पहचान कर प्रथम त्रैमास में पंजीयन, गर्भावस्था के दौरान न्यूनतम चार एएनसी जांच सुनिश्चित करने तथा हाई रिस्क प्रेगनेंसी की पहचान कर नियमित फॉलोअप लेने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य मातृ मृत्यु दर (MMR) में प्रभावी कमी लाना है।

उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने, प्रसव के बाद 42 दिनों में 7 गृह भेंट करने तथा पोषण संबंधी काउंसलिंग के निर्देश दिए। आयरन की कमी से ग्रस्त महिलाओं को आयरन सुक्रोज या एफसीएम के माध्यम से उपचार देने पर भी जोर दिया गया।

एसडीएम ने पोषण पुनर्वास केंद्र में 100 प्रतिशत बेड ऑक्युपेंसी सुनिश्चित करने, आयुष्मान कार्ड सैचुरेशन बढ़ाने तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के घर-घर जाकर कार्ड बनाने के निर्देश दिए, जिसकी साप्ताहिक समीक्षा स्वयं एसडीएम द्वारा की जाएगी।

इसके अलावा बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण, टीबी मरीजों की पहचान व उपचार, नियमित बैठकों एवं रिकॉर्ड संधारण पर भी कड़े निर्देश दिए गए। एसडीएम ने चेतावनी दी कि वे स्वयं फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं की जांच करेंगे।

बैठक में डॉ. सुधीर गुप्ता, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर, बीईई, बीसीएम एवं सभी सीएचओ उपस्थित रहे।