Home Blog Page 6

वृंदावन में भक्ति के रंग में रंगे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, प्रेमानंद जी महाराज से की मुलाकात

0

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा अपने आध्यात्मिक झुकाव और सादगीपूर्ण जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं। यह स्टार कपल एक बार फिर अपनी भक्ति भावना के चलते चर्चा में है। हाल ही में विराट और अनुष्का उत्तर प्रदेश के वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन किए। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों की श्रद्धा, विनम्रता और आस्था साफ झलकती नजर आ रही है।

बताया जा रहा है कि अनुष्का शर्मा लंबे समय बाद भारत लौटी हैं, जबकि विराट कोहली हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलकर लौटे थे। व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद दोनों ने आध्यात्मिक शांति के लिए वृंदावन का रुख किया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विराट और अनुष्का प्रेमानंद जी महाराज के सामने जमीन पर बैठकर हाथ जोड़कर उनका आशीर्वाद ले रहे हैं।

इस दौरान अनुष्का शर्मा के गले में तुलसी की माला दिखाई दी और उनके चेहरे पर गहरी भक्ति के भाव स्पष्ट नजर आए। महाराज जी के प्रवचन सुनते समय अनुष्का भावुक हो गईं और उनकी आंखों में आंसू भी देखे गए। विदा लेते समय अनुष्का ने भावनात्मक स्वर में कहा, “आप हमारे हैं महाराज जी और हम आपके हैं।” इस पर प्रेमानंद जी महाराज ने सरलता से उत्तर दिया, “हम सभी ईश्वर के हैं।” यह सुनकर विराट और अनुष्का दोनों के चेहरे पर सुकून और मुस्कान नजर आई।

इस मुलाकात के बाद विराट कोहली को लेकर चल रही कई अटकलों पर भी विराम लग गया है। हाल के दिनों में चर्चा थी कि विराट कोहली मशहूर फुटबॉलर लियोनल मेसी के भारत दौरे से जुड़े किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश लौटे हैं। हालांकि, दिल्ली में हुए उस कार्यक्रम में उनकी गैरमौजूदगी के बाद यह स्पष्ट हो गया कि कोहली निजी कारणों से भारत आए थे।

यह भी पढ़िए – संजय गांधी कॉलेज में बस शुल्क को लेकर छात्रों में नाराज़गी, प्रभारी मंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

अब यह साफ हो चुका है कि विराट कोहली अपने आध्यात्मिक और पारिवारिक जीवन को भी उतना ही महत्व देते हैं जितना अपने खेल को। क्रिकेट प्रेमी अब उन्हें अगले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम के लिए खेलते हुए देखने का इंतजार कर रहे हैं।

संजय गांधी कॉलेज में बस शुल्क को लेकर छात्रों में नाराज़गी, प्रभारी मंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

सीधी।
मध्य प्रदेश के सीधी जिले स्थित संजय गांधी कॉलेज में छात्रों से ₹300 बस शुल्क वसूले जाने को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन द्वारा यह शुल्क सभी छात्रों से अनिवार्य रूप से लिया जा रहा है, चाहे छात्र कॉलेज बस सेवा का उपयोग करें या नहीं। बस सुविधा का लाभ न लेने वाले छात्रों को भी ₹300 शुल्क देना अनिवार्य बताया जा रहा है, जिससे छात्रों में रोष व्याप्त है।

छात्रों का कहना है कि जो विद्यार्थी कॉलेज बस से आते-जाते हैं, उनसे ₹300 लिया जाना समझ में आता है, लेकिन जो छात्र निजी साधनों या अन्य बस सेवाओं से आते हैं, उनसे भी वही शुल्क लेना अनुचित है। इसके अलावा दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले कई छात्र पहले से ही निजी बस या अन्य साधनों का किराया अलग से दे रहे हैं, ऐसे में कॉलेज बस का अतिरिक्त शुल्क देना उनके लिए आर्थिक बोझ बन रहा है।

इसी मुद्दे को लेकर प्रभारी मंत्री के सिद्धि नगर प्रवास के दौरान, अमन अग्रवाल के साथ संजय गांधी कॉलेज के कई छात्रों ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने कहा कि बिना सेवा लिए शुल्क वसूली का कोई स्पष्ट प्रावधान न तो नियमों में है और न ही संविधान में इसका कोई उल्लेख मिलता है।

अब देखना होगा कि प्रभारी मंत्री और स्थानीय विधायक इस पूरे मामले पर कब और क्या रुख अपनाते हैं तथा छात्रों के हित में क्या कार्रवाई की जाती है।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के जन्मदिवस पर दीनदयाल पार्क एवं संसदीय कार्यालय में हुआ वृक्षारोपण

सीधी।
सीधी संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय एवं यशस्वी सांसद माननीय डॉ. राजेश मिश्रा जी के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की भावना के साथ आंवले के वृक्षों का रोपण किया गया। यह वृक्षारोपण कार्यक्रम दीनदयाल पार्क तथा संसदीय कार्यालय, सीधी में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और हरियाली के महत्व के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना रहा। आंवले के पौधों का रोपण कर स्वच्छ पर्यावरण, स्वास्थ्य और प्राकृतिक संतुलन का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रकृति की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के जन्मदिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक सरोकार और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।

सीधी–सिंगरौली NH-39 को NHAI को सौंपने की प्रक्रिया तेज, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात

नई दिल्ली।
सीधी–सिंगरौली क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क विस्तार व उन्नयन की मांग को महत्वपूर्ण बढ़ावा देते हुए, माननीय सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री आदरणीय श्री नितिन गडकरी से सौजन्य भेंट कर सीधी–सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-39) को NHAI को हस्तांतरित करने का आग्रह प्रस्तुत किया।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने चर्चा के दौरान बताया कि NH-39 क्षेत्र की जीवनरेखा है, और इसे NHAI को सौंपे जाने से न केवल सड़क की गुणवत्ता में सुधार आएगा बल्कि निर्माण, चौड़ीकरण और रखरखाव की प्रक्रिया भी तेजी पकड़ेगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस मार्ग के सुगम होने से दोनों जिलों के बीच यातायात, औद्योगिक गतिविधियाँ और जनसुविधाएँ उल्लेखनीय रूप से बेहतर होंगी।

सांसद के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित विभाग को उचित निर्देश जारी किए। मंत्रीजी द्वारा त्वरित आदेश जारी होने से क्षेत्र की जनता में उत्साह और राहत की भावना है।

एनएच-39 को NHAI को हस्तांतरित किए जाने की यह पहल आने वाले समय में सीधी और सिंगरौली दोनों जिलों के लिए विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। स्थानीय नागरिकों ने सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के इस प्रयास की सराहना की है।

संसदीय खेल महोत्सव सेवा पखवाड़ा,संजय गांधी कॉलेज मैदान में एथलेटिक्स स्पर्धा का उत्साह

सीधी।
संसदीय खेल महोत्सव सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज संजय गांधी कॉलेज मैदान पर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। सुबह से शुरू हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 500 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विभिन्न दौड़ और एथलेटिक्स इवेंट्स में बच्चों ने अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
इस मेगा आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को पहचान दिलाना रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू राम जी सिंह रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं और खेलों के माध्यम से उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व और अनुशासन जैसी गुणों का विकास होता है। उन्होंने आयोजकों की सराहना की और ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में शिवदान साकेत, अंजू पाठक, बाबूलाल कुशवाहा, मनोज सिंह परिहार, निशा सिंह, तथा कंचन केसरी समेत कई जनप्रतिनिधि व समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

प्रतियोगिता के समापन चरण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम सोनी, एवं जिला पंचायत प्रतिनिधि अशोक शुक्ला ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में खेल महोत्सव के निरंतर आयोजन से नई खेल प्रतिभाएं सामने आ रही हैं और भविष्य में ये युवा जिले का नाम बड़े मंचों पर रोशन करेंगे।

संसदीय खेल महोत्सव के आयोजनों ने सीधी जिले को खेल के क्षेत्र में नई ऊर्जा दी है और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने SIR अभियान की प्रगति का लिया जायज़ा, कॉल सेंटर की व्यवस्था पर भी की चर्चा

सीधी सांसद कार्यालय में मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की विस्तृत समीक्षा की। बैठक का उद्देश्य अभियान की वर्तमान स्थिति, क्षेत्रीय प्रगति और कार्यबल द्वारा की जा रही तैयारियों को परखना रहा।

डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों और समन्वयकों को निर्देशित करते हुए कहा कि SIR अभियान लोकतांत्रिक ढाँचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो, ताकि आने वाले चुनावों में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूट न जाए।
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त रिपोर्टों का अवलोकन किया और यह स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही या गलतियों को गंभीरता से लिया जाएगा।

बैठक के दौरान सांसद ने सीधी लोकसभा में संचालित SIR कॉल सेंटर के प्रभारी सुनील पांडे के साथ भी विशेष बातचीत की। उन्होंने कॉल सेंटर द्वारा की जा रही कॉलिंग प्रक्रिया, शिकायत समाधान प्रणाली और मतदाताओं के संपर्क तंत्र की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
सांसद ने कॉल सेंटर टीम को निर्देश दिया कि जनता की हर शिकायत पर शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा बैठक में जिला संयोजक डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, चंदन मिश्र, कौशलेंद्र सिंह, तुषार द्विवेदी,अंश द्विवेदी, अभिषेक त्रिपाठी, अमित यादव भी मौजूद रहे। सभी प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की स्थिति और चुनौतियों का विवरण साझा करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव प्रस्तुत किए।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का सच: मंत्री राधा सिंह के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री राधा सिंह का एक वीडियो बीते दो दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह बघेली भाषा में “कचरने” और “मारने” जैसे शब्द बोलती दिखाई दे रही हैं। कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं और कुछ पोर्टलों ने इस वीडियो को इस दावे के साथ प्रसारित किया कि मंत्री ने किसी व्यक्ति को धमकी दी है। हालांकि, इसकी वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।

मामला उस समय का है जब मंत्री राधा सिंह अपने घर से सामुदायिक भवन के लिए निकल रही थीं। उसी दौरान उनके बेटे ने गाड़ी में बैठने की ज़िद कर दी। बच्चे को शांत कराने के लिए उन्होंने बघेली में कहा— “ज्यादा करोगे तो अभी आकर कचर दूँगी।” बघेली भाषा में “कचर दूँगी” का अर्थ होता है — “अगर बहुत जिद करोगे तो मारूंगी।” यह वाक्य अपने बच्चों को मज़ाकिया या प्यारे ढंग से समझाने में आमतौर पर बोला जाता है और स्थानीय परिवारों में यह भाषा-शैली बिल्कुल सामान्य है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह शब्द किसी भी तरह की धमकी या आपत्तिजनक भाव में नहीं बोला गया था। यह एक माँ का अपने बच्चे से किया गया रोज़मर्रा का संवाद था। लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो को बिना संदर्भ के वायरल किया गया और इसे मंत्री द्वारा किसी व्यक्ति को धमकाने की तरह पेश किया गया।

विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल युग में बिना जांच-पड़ताल के वीडियो काटकर प्रसारित करने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है। इस तरह की गलत व्याख्या न सिर्फ़ तथ्यों को नुकसान पहुँचाती है बल्कि किसी व्यक्ति की छवि पर भी अनावश्यक दाग लगा देती है।
मंत्री राधा सिंह पिछले कई वर्षों से अपने क्षेत्र में सरल भाषा, हँसी-मज़ाक और खुलेपन के लिए जानी जाती हैं। जनता से सीधे संवाद और सहज व्यवहार उनकी पहचान रहा है। उनके निकटवर्ती भी यह मानते हैं कि जिस वीडियो को आज गलत रूप में पेश किया जा रहा है, वह वास्तव में एक माँ-बेटे के हल्के-फुल्के संवाद का हिस्सा था।

सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा इसे बढ़ाचढ़ाकर नेगेटिव नैरेटिव बनाने की कोशिश किए जाने से मंत्री की छवि को गलत तरीके से नुकसान पहुँचा है। यह घटना एक बार फिर इस बात पर सवाल खड़ा करती है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैलाई जा रही भ्रामक सामग्री और आधी-अधूरी जानकारी किस तरह सामान्य बातों को भी विवाद में बदल देती है।

सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की तत्परता से मासूम की जान बची

बिरसा मुंडा जयंती पर आयोजित कार्यक्रम से लौटते समय सीधी लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा को अचानक एक आपातकालीन फोन कॉल मिला। कॉल पर मौजूद फरियादी ने काँपती आवाज़ में बताया कि उसके नाती की हालत नाजुक है—बच्चे के गले में ₹5 का सिक्का फँस गया है, जिससे वह सांस भी ठीक से नहीं ले पा रहा।

डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक, समय पर सर्जरी न होने पर बच्चे को तत्काल जबलपुर रेफर करना पड़ सकता था। स्थिति की गंभीरता समझते ही सांसद जी ने बिना देर किए कार्यक्रम से निकलकर सीधे मिशन नर्सिंग होम पहुँचने का निर्णय लिया।

अस्पताल पहुँचते ही उन्होंने बच्चे को तुरंत ऑपरेशन थिएटर में ले जाने के निर्देश दिए। डॉ. मिश्रा, जो स्वयं पेशे से डॉक्टर रह चुके हैं, ने अपनी पुरानी चिकित्सा विशेषज्ञता का परिचय देते हुए केवल 10 मिनट में बच्चे के गले से सिक्का निकालकर उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया।

विशेष बात यह रही कि सांसद ने पूरा उपचार निःशुल्क करवाया और बच्चे के स्वस्थ होने की कामना करते हुए उसके परिवार को कुछ आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया, ताकि वे बच्चे के लिए फल-फूल आदि की व्यवस्था कर सकें।
बच्चे के नाना शंकर प्रसाद साकेत, ग्राम पड़रिया कला, कमर्जी पटपरा, जिला सीधी के है उन्होंने सांसद जी के इस संवेदनशील कदम के लिए आभार व्यक्त किया।

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के भीतर अभी भी वह मानवता से भरा डॉक्टर जीवित है, जिसका उद्देश्य किसी भी संकटग्रस्त व्यक्ति की मदद करना है।

टंसार में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, अनेक जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता

सीधी जिले के टंसार स्थित पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस का कार्यक्रम बड़े सम्मान और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष आयोजन में जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी तथा ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम में सीधी लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विधायक कुंवर सिंह टेकाम, सीधी विधायक रीति पाठक, पूर्व विधायक शरतेंद्रु तिवारी, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, तथा भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह ने मंच साझा किया। इसके अतिरिक्त सीधी कलेक्टर और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने जनजातीय वीरों के अदम्य साहस, समृद्ध संस्कृति और सामाजिक योगदान को याद किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बिरसा मुंडा के जीवन के प्रेरणादायक प्रसंगों और जनजातीय परंपराओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।

जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन स्थानीय समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत बना, जिसने जनजातीय समाज की ऐतिहासिक विरासत, पहचान और संघर्षों को एक बार फिर प्रमुखता से सामने लाया।

मोकामा में फिर दिखा अनंत सिंह का रुतबा, विरोधियों पर बढ़त मज़बूत

बिहार विधानसभा चुनाव की गिनती के बीच मोकामा सीट एक बार फिर सुर्खियों में है। शुरुआती राउंड में कड़ी टक्कर के बाद अब जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह ने मुकाबले में मजबूत बढ़त बना ली है। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, अनंत सिंह को 59,792 वोट मिले हैं, जबकि राजद की प्रत्याशी वीणा देवी को 43,066 वोट प्राप्त हुए हैं। इस तरह लगभग 16,726 वोटों की बढ़त जदयू उम्मीदवार के पक्ष में जाती दिख रही है। वहीं जनसुराज के उम्मीदवार प्रियदर्शी पीयूष करीब 10,649 वोट के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

मोकामा सीट इस बार लगातार चर्चाओं में रही है। दुलारचंद यादव की हत्या के बाद हालात और अधिक संवेदनशील हो गए, जिसके चलते चुनावी माहौल और गर्म हो गया। जदयू ने जेल में बंद बाहुबली छवि वाले अनंत सिंह पर भरोसा जताया, जबकि राजद ने उनके खिलाफ बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को मैदान में उतारा। जनसुराज ने प्रियदर्शी पीयूष को उम्मीदवार बनाया है।

पिछले दो दशकों से मोकामा पर अनंत सिंह का लगभग एकछत्र राज रहा है। 2005 से लेकर 2020 तक वे अलग-अलग दलों से लगातार जीतते रहे। 2022 में सजा होने पर उनकी सीट खाली हुई और उनकी पत्नी ने उपचुनाव में जीत दर्ज की। 2022 उपचुनाव में राजद की नीलम देवी विजयी रहीं।