पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना के साथ ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। शुरुआती रुझानों में लोजपा(रामविलास) ने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। पार्टी द्वारा उतारे गए 28 उम्मीदवारों में से 22 प्रत्याशी आगे चल रहे हैं, जो संगठन के लिए बेहद उत्साहजनक नतीजे माने जा रहे हैं।
यह बढ़त एक बार फिर 2024 के लोकसभा चुनाव की याद दिलाती है, जहाँ LJP(R) ने छह में से सभी छह सीटों पर जीत हासिल कर शत-प्रतिशत सफलता दर्ज की थी। इस बार विधानसभा चुनाव में भी पार्टी का प्रदर्शन मजबूत संकेत दे रहा है कि अगर रुझान कायम रहे, तो लोजपा(आर) लगभग 75% सीटों पर सफलता पा सकती है।

यह स्थिति इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि 2020 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को महज एक सीट पर जीत मिली थी। उस चुनाव में पार्टी ने 135 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए थे, पर जीत सीमित रही और वोट प्रतिशत लगभग 5.68% दर्ज किया गया था।
इधर राज्यभर में काउंटिंग जारी है, जहाँ एनडीए गठबंधन 189 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि महागठबंधन 50 सीटों पर आगे है। इन सबके बीच लोजपा(आर) का प्रदर्शन एनडीए की मजबूती को और बढ़ाता हुआ दिखाई देता है।







